पीएम मोदी ने महाराष्ट्र और झारखंड के चुनावी नतीजों के बाद दिल्ली के बीजेपी हेडक्वार्टर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. साथ ही उन्होंने कहा कि ‘एक हैं तो सेफ़ हैं’ आज देश का महामंत्र बन चुका है.
उन्होंने कहा “मैं देश के भाजपा और एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. मैं एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार की प्रशंसा करता हूं.”
पीएम मोदी ने अलग-अलग राज्यों में हुए उपचुनाव पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में बीजेपी को जमकर समर्थन मिला है.”
झारखंड के चुनावी नतीजों पर उन्होंने कहा, “मैं झारखंड की जनता को भी नमन करता हूं. झारखंड के तेज विकास के लिए हम और मेहनत से काम करेंगे.”
पीएम ने मराठी में कहा, “महाराष्ट्र ने आज बता दिया कि तुष्टीकरण का सामना कैसे किया जाता है. छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति साहू जी, महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, बाबा साहब आंबेडकर, वीर सावरकर, बालासाहेब ठाकरे जैसे महान व्यक्तितों की धरती ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.”
पीएम ने कहा, “बीजेपी को अकेले कांग्रेस और उनके सहयोगियों से ज़्यादा सीटें मिली हैं. ये दिखाता है कि जब सुशासन की बात आती है तो जनता केवल भाजपा पर भरोसा करती है.”
पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कुछ लोगों ने धोखा देकर अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की. लेकिन राज्य ने उनको नकार दिया है और उस पाप की सज़ा मौका मिलते ही दे दी है.”
पीएम ने कहा, “हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश है एकजुटता. एक हैं तो सेफ़ हैं. ये आज देश का महामंत्र बन चुका है.”
पीएम ने अनुच्छेद 370 का ज़िक्र करते हुए कहा, “कांग्रेस और उसके साथियों ने कश्मीर में फिर से आर्टिकल 370 की दीवार बनाने का प्रयास किया. ये संविधान का भी अपमान है. दुनिया की कोई भी ताकत 370 को वापस नहीं ला सकती है.”
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर सावरकर का अपमान करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कभी भी बाला साहेब ठाकरे की नीतियों की तारीफ़ नहीं करती है.
पीएम ने कहा कि कांग्रेस आज देश में एक परजीवी बनकर रह गई है. वो अपने दम पर कोई भी चुनाव नहीं जीत सकती है.