ग्वालियर/ ग्वालियर के पूर्व सांसद और महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने रूपसिंह स्टेडियम को जी.डी.सी.ए. को दोबारा लीज पर दिए जाने को जनहित के विरुद्ध करार दिया है। उन्होंने कहा है कि शंकरपुर में जी.डी.सी.ए. द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के, अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हाल ही में किया गया है जिसका लाभ ग्वालियर के क्रिकेट प्रेमियों एवं खिलाडियों को मिलना भी प्रारंभ हो चुका है। इस स्थिति में रूपसिंह स्टेडियम जी.डी.सी.ए. को दोबारा लीज पर देना जनहित में नहीं होगा।
उन्होंने महापौर को लिखे पत्र में कहा है कि जानकार सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि रूप सिंह स्टेडियम को पुनः GDCA को लीज पर देने हेतु निगम कार्यवाही कर रहा है।
पत्र में श्री शेजवलकर ने लिखा कि आपको विदित होगा, कि 1960-70 के दशक में रूपसिंह स्टेडियम का निर्माण नगर निगम ग्वालियर ने कराया था। प्रारंभ में 3 तरफ दर्शक गैलरी का निर्माण किया गया था। उन दिनों होंकी ग्वालियर में अत्यंत लोकप्रिय खेल हुआ करता था। ग्वालियर के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट हॉकी खेल का प्रदर्शन कर ग्वालियर का नाम रोशन किया है।
कालांतर में नगर निगम द्वारा यह हॉकी स्टेडियम, ग्वालियर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जी.डी.सी.ए.) को दीर्धावधि की लीज पर दिया गया। जी.डी.सी.ए. ने क्रिकेट हेतु अपनी सुविधा अनुसार इस स्टेडियम में कुछ सुविधाएं, पवेलियन का निर्माण आदि जोड़ी है।
मैं आपके ध्यान में लाना चाहता हूँ। कि स्टेडियम के आस-पास के परिसर में नगर निगम द्वारा खेलों को बढ़ावा देने अनेकों सुविधाएं सृजित की हैं। एकलव्य खेल परिसर में कवर्ड बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग रिंग आदि खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। इसी परिसर में बाल भवन, स्केटिंग रिंग, तरुण पुष्कर आदि का निर्माण हुआ है। ग्वालियर के अनेकों खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी इसका लाभ ले रहे हैं।
नगर निगम ग्वालियर अतीत में भी खेलों को बढ़ावा देने हेतु सदैव प्रयत्नशील रहा है। रूप सिंह स्टेडियम के रूप में खेलों के लिए एक और बड़ी सुविधा नगर निगम उपलब्ध करा सकता है। वर्तमान में ग्वालियर नगर में, आमजन, खेल संस्थाएँ, स्कूल व कॉलेज आदि को इस प्रकार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
जहां तक क्रिकेट का सवाल है, यह प्रसन्नता की बात है कि, शंकरपुर में जी.डी.सी.ए. द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के, अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हाल ही में किया गया है जिसका लाभ ग्वालियर के क्रिकेट प्रेमियों एवं खिलाडियों को मिलना भी प्रारंभ हो चुका है। इस स्थिति में रूपसिंह स्टेडियम जी.डी.सी.ए. को दोबारा लीज पर देना जनहित में नहीं होगा।
आपके नेतृत्व में, खिलाडियों और खेल प्रेमियों के लिए अन्य आधुनिक, व आवश्यक सुविधाए जुटा कर, रूपसिंह स्टेडियम सहित सारे परिसर को एक मिनी खेल गाँव के रूप में विकसित किया जा सकता है।
मेरी जानकारी में एक परिसर में खेलों के लिए इतनी सारी सुविधाएं प्रदेश में शायद ही कहीं उपलब्ध हो।
अतः आपसे अनुरोध है, रूप सिंह स्टेडियम को नगर निगम अपने आधिपत्य में लेकर एक बृहद खेल परिसर की सौगात ग्वालियर नगर को देने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें।