Homeग्वालियर अंचलग्वालियर की नौकरशाही की फिर बल्ले बल्ले पहले का पैसा गया पानी...

ग्वालियर की नौकरशाही की फिर बल्ले बल्ले पहले का पैसा गया पानी में अब फिर मिले सड़कों के लिए 3 करोड़

शहर की सड़कों की मरम्मत के लिये राज्य शासन द्वारा 3 करोड़ की राशि स्वीकृत

 

ग्वालियर / नगर निगम, जिला प्रशासन की नासमझी के कारण बर्वाद हुई हाल ही में बनाई गई सड़कों को पुनः बनाने के लिए राज्य सरकार ने 3 करोड़ स्वीकृत किए हैं आश्चर्य की बात यह है कि इसके लिए दोषी वरिष्ठ  नौकरशाही पर अभी तक कोई बड़ा एक्शन नहीं लिया गया है जबकि पूरे देश के मीडिया में ग्वालियर की सड़कों के खंदक छाये हुए हैं।

ग्वालियर शहर की सड़कों की मरम्मत के लिये राज्य शासन द्वारा 3 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। उक्त राशि से ग्वालियर शहर में बरसात के कारण खराब हुईं सड़कों को ठीक करने का कार्य किया जायेगा। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्वालियर की सड़कों की मरम्मत के लिये राज्य शासन की ओर से शीघ्र मदद करने का आग्रह किया था। जिसके परिपालन में ग्वालियर को तत्काल प्रभाव से सड़कों के सुधार हेतु 3 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की गई है।
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गत दिनों ग्वालियर भ्रमण के दौरान शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर उसे यथाशीघ्र ठीक करने के दिशा-निर्देश दिए थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर ग्वालियर को सड़कों के सुधार हेतु धनराशि देने का आग्रह किया था। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे एवं आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री संकेत भोंडवे से भी मुलाकात कर ग्वालियर को सड़कों के सुधार हेतु शीघ्र धनराशि प्रदान करने के संबंध में चर्चा की थी।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ग्वालियर नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय से भी दूरभाष पर चर्चा कर कहा है कि शासन द्वारा ग्वालियर की सड़कों की मरम्मत हेतु धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उक्त राशि से शहर की उन सड़कों को प्राथमिकता पर ठीक किया जाए जो बरसात के कारण खराब हो गई हैं। शहर के आमजनों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिये निगम भी युद्ध स्तर पर कार्य कर सड़कों का सुधार करे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments