अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की. यह मीटिंग यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के सीन हैनिटी को बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी बातचीत में दोनों इस बात पर सहमत हुए कि यूक्रेन युद्ध को जमीन अदला-बदली और यूक्रेन के लिए अमेरिकी की कुछ सुरक्षा गारंटी के जरिए खत्म किया जाएगा. ट्रंप ने कहा कि रूस को कुछ नए क्षेत्र देने और कीव को सुरक्षा आश्वासन जैसे बिंदुओं पर ज्यादातर सहमति बन चुकी है. उन्होंने मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया और पुतिन को ‘मजबूत और कठोर’ व्यक्ति कहा, लेकिन जोर दिया कि बातचीत सकारात्मक रही.
अलास्का शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को इंटरव्यू दिया. इसमें उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही, लेकिन असल नतीजा समझौते पर निर्भर है. उन्होंने बताया कि कई बिंदुओं पर सहमति बनी, और उनका मुख्य लक्ष्य है कि यूक्रेन में लोग मरना बंद करें. ट्रंप ने जोर देकर कहा कि वह युद्ध को खत्म होते देखना चाहते हैं, हालांकि अभी कोई ठोस समझौता नहीं हुआ है.
ट्रंप ने इस मुलाकात को यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक कदम बताया. इस मीटिंग के बाद दोनों नेताओं ने बयान जारी किए. हालांकि उन्होंने पत्रकारों के सवाल नहीं लिए. इस दौरान पुतिन ने अगली मीटिंग का प्रस्ताव रखा. उन्होंने प्रस्ताव दिया कि अगली मीटिंग मॉस्को में होनी चाहिए. बयान जारी करने से पहले दोनों नेताओं में गर्मजोशी देखी गई. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पुतिन को अपनी कार में बैठाकर बातचीत वाली जगह पर पहुंचे.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच जल्द ही एक बैठक की योजना बन रही है. ट्रंप ने बताया कि ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण बिंदु अभी सुलझाए जाने बाकी हैं. उन्होंने कहा कि अब जेलेंस्की पर निर्भर है कि वह इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं और यूरोपीय देशों को भी इसमें और सक्रिय होना चाहिए. ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर उन्हें न्योता मिला तो वह इस बैठक में शामिल हो सकते हैं, ताकि समझौता पूरा करने में मदद मिल सके.
फॉक्स न्यूज के इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि एक समझौता नजदीक है, जिसमें युद्धबंदियों की अदला-बदली शामिल हो सकती है. ट्रंप ने इसे 50-50 संभावना बताया, क्योंकि ‘कई चीजें बदल सकती हैं.’ उन्होंने कहा कि पुतिन इस समस्या का समाधान चाहते हैं और युद्धबंदी हस्तांतरण की दिशा में प्रगति हो रही है. ट्रंप ने बताया कि उन्हें हजारों कैदियों की सूची वाला एक दस्तावेज सौंपा गया, जिन्हें रिहा किया जा सकता है, लेकिन यह अभी तय नहीं है कि इसे कौन स्वीकार करेगा.
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने ट्रंप और पुतिन की अलास्का मुलाकात को ‘बेहद सकारात्मक’ करार दिया. रूसी समाचार एजेंसी RIA नोवोस्ती के अनुसार, पेसकोव ने बताया कि दोनों नेताओं ने प्रेस वार्ता में विस्तृत बयान दिए, इसलिए पत्रकारों के सवालों की जरूरत नहीं पड़ी. पेसकोव ने कहा कि इस बातचीत से दोनों नेता यूक्रेन में शांति के लिए विकल्प तलाशने की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं.
अलास्का में हुई बैठक में यूक्रेन के बिना कोई समझौता नहीं हुआ, जो उसके लिए राहत की बात है. ट्रंप थके और परेशान दिखे, शायद इसलिए कि पुतिन ने युद्ध के ‘मूल कारणों’ पर बात की और कोई समझौता करने का रुख नहीं दिखाया. पुतिन ने कीव और यूरोपीय सहयोगियों को चेतावनी दी कि वे इस प्रक्रिया में दखल न दें, जिसे वह प्रगति मानते हैं. एक्सपर्ट्स इस मीटिंग को पुतिन के लिए जीत के तौर पर देखते हैं.
पुतिन के लिए दो बड़ी जीत रही: पहली, अमेरिका में रेड कार्पेट स्वागत और ट्रंप की कार ‘द बीस्ट’ में सवारी, जिसने उनकी छवि को मजबूत किया. दूसरी, समय की जीत, क्योंकि रूस की सेना को मोर्चे पर आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है.
UKRAINE: Trump’s security would have never let him ride in Putin’s car. Interesting Putin got right into the Beast. pic.twitter.com/bTp9Hlhmup
— @amuse (@amuse) August 15, 2025
पुतिन और ट्रंप की मीटिंग कितनी सकारात्मक रही उसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि पुतिन अमेरिकी राष्ट्रपति के वाहन में बैठे दिखे. रूसी सरकारी मीडिया के मुताबिक पुतिन को ट्रंप ने अपनी गाड़ी में बैठने का न्योता दिया.