ग्वालियर जिले की 3 लाख 5 हजार 600 से अधिक बहनाओं के खातों में पहुँची 45.25 करोड़ की राशि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी से सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश भर की लाड़ली बहनाओं के खातों में पहुँचाई धनराशि
ग्वालियर 12 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से किए गए वायदे को पूरा करते हुए ग्वालियर जिले की लगभग 3 लाख 5 हजार 600 से अधिक महिलाओं सहित पूरे प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनाओं के खातों में “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” की बढ़ी हुई 1500 रुपए की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी के पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित हुए कार्यक्रम से सिंगल क्लिक के जरिए लाड़ली बहना योजना की तीसवी किस्त के रूप में कुल 1857 करोड़ रुपए की धनराशि अंतरित की। इसमें ग्वालियर जिले की बहनाओं के खातों में पहुँचीं 45 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक धनराशि शामिल है।
ग्वालियर जिले की लाड़ली बहनाओं ने अपने खातों में बढ़ी हुई धनराशि सहित इस माह की लाड़ली बहना योजना की किस्त पहुँचने पर जगह-जगह खुशी मनाई। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।