14 पूर्व कप्तानों की सूची में भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, ईयान चैपल और किम ह्यूज़ तो वहीं ऑस्ट्रेलिया महिला
पाकिस्तान की अडियाला जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान ख़ान के स्वास्थ्य को लेकर पांच देशों के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तानी सरकार को पत्र लिखा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक , इन पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार से मांग की है कि इमरान ख़ान के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनका बेहतर तरीक़े से इलाज कराया जाए.
इन 14 पूर्व कप्तानों की सूची में भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव समेत ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, ईयान चैपल और किम ह्यूज़ तो वहीं ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान बेलिंडा क्लार्क भी शामिल हैं.
इनके अलावा इंग्लैंड के माइक अथर्टन, नासिर हुसैन, माइक ब्रेयरली और डेविड गॉवर, वेस्ट इंडीज़ के क्लाइव लॉयड और न्यूज़ीलैंड के जॉन राइट ने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं.
पाकिस्तान की सरकार को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि “हम अपने-अपने देशों की राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान हैं और इमरान ख़ान के साथ हुए कथित व्यवहार और जेल के हालात को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं. इमरान ख़ान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान होने के साथ-साथ विश्व क्रिकेट के एक दिग्गज खिलाड़ी भी हैं.”
“इमरान ख़ान का क्रिकेट में योगदान दुनिया भर में सराहा जाता है. कप्तान के रूप में उन्होंने 1992 क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को ऐतिहासिक जीत दिलाई. एक ऐसी जीत जो कौशल, दृढ़ता, नेतृत्व और खिलाड़ियों वाली भावना पर आधारित थी और जिसने पीढ़ियों को प्रेरित किया.”
“हममें से कई लोगों ने उनके ख़िलाफ़ खेला, उनके साथ मैदान साझा किया, या फिर उनकी ऑलराउंड क्षमता, व्यक्तित्व और प्रतिस्पर्धी जज़्बे की वजह से उन्हें अपना आदर्श माना. वह आज भी दुनिया के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों और कप्तानों में गिने जाते हैं, जिन्हें खिलाड़ी, प्रशंसक और प्रशासक सभी सम्मान देते हैं.”