कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने बुझाई आग
ग्वालियर, 19 मई 2026/ आज ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में ट्रांसफार्मर में आग लग लग गई महत्वपूर्ण बात यह है कि कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए फायर उपकरणों की मदद से काफी हद तक आग पर काबू पा लिया।
मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एसबीआई बैंक के सामने ट्रांसफार्मर के पास आग लगने की घटना सामने आई। आग ने तेजी से आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया और बैंक सहित नजदीकी दफ्तरों तक पहुँच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे। कलेक्ट्रेट के कर्मचारी भी फायर उपकरण लेकर आग बुझाने में जुट गए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर फायर सेफ्टी मेले में मिले प्रशिक्षण का उपयोग किया और फायर ब्रिगेड एवं एसडीआरएफ के पहुँचने से पहले ही लगभग 90 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया।
लगभग आधे घंटे के भीतर आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ी क्षति टल गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी शासकीय सेवकों का उत्साहवर्धन किया और उनकी तत्परता एवं साहस की सराहना की।