Homeप्रमुख खबरेंबरसात से पहले ही फिर धंसी करोड़ों की चेतकपुरी रोड, ग्वालियर प्रशासन...

बरसात से पहले ही फिर धंसी करोड़ों की चेतकपुरी रोड, ग्वालियर प्रशासन पर उठे सवाल

ग्वालियर 1 जून 2026/ग्वालियर में करोड़ों रुपये की लागत से बनी चर्चित महल-चेतकपुरी रोड एक बार फिर धंसने लगी है। हैरानी की बात यह है कि अभी मानसून की बारिश ने पूरी तरह दस्तक भी नहीं दी है और सड़क पर फिर से धंसाव के निशान दिखाई देने लगे हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पिछले वर्ष यही सड़क देशभर की मीडिया में सुर्खियों में रही थी, जब बारिश के दौरान बार-बार सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई थीं। सड़क पर गहरे गड्ढे और सुरंग जैसी स्थिति बनने से न केवल यातायात प्रभावित हुआ था, बल्कि ग्वालियर प्रशासन की कार्यशैली भी कठघरे में आ गई थी। कई राष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने इस सड़क को लेकर रिपोर्ट प्रसारित की थी

 

जानकारी के अनुसार चेतकपुरी-अचलेश्वर मार्ग पर स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज और सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क लगातार धंसती रही। पिछले वर्ष कई बार सड़क धंसने, वाहन फंसने और जांच बैठने की घटनाएं सामने आई थीं।
अब एक बार फिर बरसात शुरू होने से पहले सड़क के धंसने की खबर ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नागरिकों का कहना है कि यदि प्री-मानसून स्थिति में ही सड़क जवाब देने लगे तो तेज बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो सका है। सवाल यह भी उठ रहा है कि पिछली जांचों और कार्रवाई के दावों के बावजूद आखिर सड़क बार-बार क्यों धंस रही है।
अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस बार केवल गड्ढे भरने तक सीमित रहता है या फिर निर्माण गुणवत्ता की वास्तविक जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments