Homeदेशयूपी कांग्रेस को भारी पड़ी बयानबाजी अध्यक्ष को राम मंदिर जाने...

यूपी कांग्रेस को भारी पड़ी बयानबाजी अध्यक्ष को राम मंदिर जाने से पहले ही उठा ले गई पुलिस

लखनऊ 30 जून 2026/यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को राम मंदिर जाने से पहले ही गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है। अजय राय ने कांग्रेस के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को राम मंदिर जाकर रामलला का दर्शन करने का ऐलान किया था। अयोध्या के श्री पैलेस होटल में ठहरे अजय राय को सोमवार देर रात पहले हाउस अरेस्ट करने की बात सामने आई थी। इसके बाद अजय राय ने एक्स पर अपनी गिरफ्तारी की जानकारी दी और पुलिस पर जीप में बैठाकर कहीं लेकर जाने की बात कही। अजय राय की पत्नी रीना राय ने भी इसे लेकर चिंता जताई है। देर रात जीप से अजय राय को लेकर जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है।

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर गरमाई सियासत के बीच यूपी कांग्रेस ने अजय राय की अगुवाई में पार्टी के नौ सदस्यी प्रतिनिधिमंडल के मंगलवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन करने का ऐलान किया था। प्रतिनिधिमंडल में अजय राय के साथ अमेठी से सांसद केएल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, इलाहाबाद से सांसद उज्जवल रमण सिंह, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, महराजगंज की फरेंदा सीट से विधायक वीरेंद्र चौधरी, बाराबंकी के पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और बाराबंकी की कुर्सी सीट से विधायक रहीं मीता गौतम को शामिल किया गया था।

अजय राय के पहुंचते ही होटल पहुंची पुलिस

सोमवार देर रात ही अजय राय अयोध्या पहुंच गए थे। यहां के श्री पैलेस होटल में वह ठहरे थे। इसी बीच अयोध्या पुलिस होटल पहुंची। पहले कहा गया कि अजय राय को होटल में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया है और बाहर आने से मना कर दिया गया है। इसी बीच देर रात अजय राय ने खुद एक्स पर बताया कि उन्हें गिरफ्तार करके पुलिस अपने साथ जीप से कहीं लेकर जा रही है।

हम न रुकेंगे न झुकेंगे

अजय राय ने लिखा कि भाजपा सरकार की तानाशाही चरम पर है। ​उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्रीराम के दर्शन-पूजन के लिए जाने वाला था। मैं अयोध्या पहुंचा ही था कि भाजपा सरकार इतनी डर गई कि पुलिस मुझे होटल से गिरफ़्तार कर अपनी जीप में बैठाकर ले जा रही है। सवाल किया कि अयोध्या में जमीन घोटालों और चढ़ावा चोरी करने वाले इन ‘चढ़ावा चोरों’ को राम भक्तों के आने से डर क्यों लग रहा है? प्रभु के नाम पर दुकान चलाने वालों, आस्था पर पहरा देने की यह कायरतापूर्ण कोशिश निंदनीय है। अजय राय ने कहा कि हम न रुकेंगे, न झुकेंगे!

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments