Homeग्वालियर अंचलग्वालियर: बंशीपुरा के इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के गोदाम में भीषण आग लाखों का...

ग्वालियर: बंशीपुरा के इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के गोदाम में भीषण आग लाखों का सामान जलकर राख

ग्वालियर, 25 जुलाई 2026/ ग्वालियर के मुरार स्थित बंशीपुरा चौराहे पर शनिवार को एक इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान गोदाम में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान के कारण लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के गोदाम में लगी, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। आग से लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा राहत कार्य में सहयोग करें। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही नुकसान और कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।

 

फायर अमले के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुँचे

ग्वालियर में उपनगर मुरार के बंशीपुरा में शनिवार को इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचर की दुकानों में अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई प्रारंभ की।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सूचना मिलते ही बंशीपुरा पहुँचीं और आग को बुझाने के लिये की जा रही कार्रवाई का अवलोकन करने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों से भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अग्नि दर्घटना पर काबू पाने के लिये तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम के माध्यम से तत्परता से आग पर काबू पाने के लिये फायर ब्रिगेड पहुँचाई गईं और सम्पूर्ण अमला आग को बुझाने के कार्य में लग गया है। इस मौके पर एसडीएम मुरार श्री नरेशचंद गुप्ता, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री प्रदीप तोमर, पुलिस अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आग पर काबू पाने के लिये एयर फोर्स के अधिकारियों से भी चर्चा कर फायर की अतिरिक्त व्यवस्था कराई है। नगर निगम का फायर अमला भी पूरी मुस्तैदी के साथ आग बुझाने के कार्य में लगा हुआ है। स्थिति नियंत्रण में है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को मुस्तैदी के साथ कार्य करते हुए आग पर पूरी तरह से काबू पाने के निर्देश दिए हैं।
अग्नि दुर्घटना में इलेक्ट्रोनिक सामान एवं फर्नीचरों की दुकानों में आग लगी है। प्रशासन द्वारा आग बुझाने के लिये तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments