Homeप्रमुख खबरेंयुवा अपने केरियर के साथ राष्ट्रहित को भी दें प्राथमिकता

युवा अपने केरियर के साथ राष्ट्रहित को भी दें प्राथमिकता

युवा संवाद कार्यक्रम में ग्वालियर स्थित 9 राष्ट्रीय संस्थानों के 190 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की

ग्वालियर 22 अगस्त 2026/युवा केवल अपने कॅरियर तक सीमित न रहें, बल्कि समाज की समस्याओं के समाधान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वावलंबन तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। सशक्त राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करे और समाज के प्रति संवेदनशील बने।
यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख ओ.के. मोहन जी ने शनिवार को लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर में युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए मुख्य वक्ता की आसंदी से कही। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, ग्वालियर महानगर द्वारा राष्ट्रीय संस्थान श्रेणी के अंतर्गत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में ग्वालियर स्थित 9 राष्ट्रीय संस्थानों के 190 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मोहन जी ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण का आधार सशक्त, संस्कारित और चरित्रवान युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करता है। संघ का उद्देश्य समाज में संगठन, समरसता, सेवा और राष्ट्रभक्ति के भाव को जागृत करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे व्यक्तित्व विकास के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी निर्वहन करें। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने ज्ञान, कौशल और ऊर्जा का उपयोग समाज एवं देश के विकास में करें।
कार्यक्रम में डीआरडीओ के सह-निदेशक डॉ. ए.सी. पाण्डेय ने विज्ञान, अनुसंधान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक नेतृत्व विकसित करने तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग संघचालक प्रहलाद सबनानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित और समाज कल्याण के प्रति समर्पित भाव के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments