शाम 7 बजे से मतगणना होगी शुरू, एकल पदों के नतीजे देर रात तक आएंगे
9 साल बाद हो रहा चुनाव, कलेक्टर की निगरानी में गठित समिति करा रही पूरी प्रक्रिया
मतदान केंद्र पर मोबाइल रहेगा प्रतिबंधित, पहचान पत्र अनिवार्य
ग्वालियर 10 अक्टूबर 2026/अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान 11 अक्टूबर को महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) कॉलेज परिसर में सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। इस चुनाव में कुल 3,824 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों का चयन करेंगे।
शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के बाद 7 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। देर रात तक एकल पदों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि कार्यकारिणी सदस्यों के मतों की गिनती की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
9 साल बाद हो रहा चुनाव
अचलेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े न्यास का चुनाव 9 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रहा है। इस अवधि में मंदिर का प्रबंधन रिसीवर के पास था। रिसीवर पर अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद मामला न्यायालय पहुँचा, जहाँ कोर्ट ने कलेक्टर ग्वालियर की देखरेख में चुनाव कराने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने चुनाव समिति गठित की, जिसकी निगरानी में यह पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था व प्रवेश नियम
चुनाव अधिकारियों श्री संजय द्विवेदी, श्री राजू शर्मा, श्री अनिल शर्मा एवं श्री रामाधार चौबे के अनुसार, मतदाताओं का प्रवेश कटोरा ताल के बगल वाले गेट से होगा।
पहचान पत्र जरूरी:
मतदाताओं को न्यास द्वारा जारी सदस्यता पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। सदस्यता पत्र न होने पर आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य सरकारी वैध पहचान पत्र दिखाकर वोट दिया जा सकेगा। बिना वैध पहचान पत्र के मतदान की अनुमति नहीं होगी।
मोबाइल प्रतिबंधित:
मतदान परिसर में मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
कड़े सुरक्षा प्रबंध:
सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 100 स्वयंसेवक (वॉलंटियर) तैनात रहेंगे और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। सभी 44 प्रत्याशियों को परिसर में अलग-अलग टेंट आवंटित किए गए हैं, जहाँ से वे शांतिपूर्वक मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे।
मतदान की व्यवस्था
मतदान के लिए चार कमरों में दो-दो काउंटर बनाए गए हैं, जहाँ प्रत्येक काउंटर पर लगभग 500 सदस्य मतदान कर सकेंगे:
कमरा नंबर 1: सदस्यता क्रमांक 1 से 1000 तक
कमरा नंबर 2: सदस्यता क्रमांक 1001 से 2000 तक
कमरा नंबर 3: सदस्यता क्रमांक 2001 से 3000 तक
कमरा नंबर 4: सदस्यता क्रमांक 3001 से 3824 तक
प्रत्येक मतदाता को कुल 8 मतपत्र मिलेंगे। इनमें से 7 मतपत्र विभिन्न एकल पदाधिकारी पदों के लिए होंगे (प्रत्येक पद के लिए एक वोट) और 8वां मतपत्र कार्यकारिणी सदस्यों के लिए होगा, जिसमें मतदाता अधिकतम 10 प्रत्याशियों को वोट दे सकेंगे।
ये हैं प्रमुख पदों के प्रत्याशी
कार्यकारी न्यासी: हरिबाबू शिवहरे, महेश मुद्गल, रामबाबू अग्रवाल
अध्यक्ष: राजीव चड्ढा (राजू चाचा), राजेश ऐरन, रवि शंकर गोयल, श्याम पाठक (पत्रकार)
उपाध्यक्ष: महेश सैनी, नवीन गर्ग, वैभव सिंघल (कालू भैया), विनोद सपरा
सचिव: बृजेश गोयल, गणेश अग्रवाल, नरेंद्र पाल (पप्पू), प्रमेन्द्र शर्मा, राजकुमार माहेश्वरी (छोटू महावीर)
कोषाध्यक्ष: कृष्ण बिहारी गोयल (बिहारी), मुकेश कुमार सिंघल, रवि चौबे
सूचना सचिव: अभिषेक चतुर्वेदी (गप्पू), निशांत नरेंद्र सिंघल (कौशिक), प्रदीप कुमार गुप्ता (समर्पण)
मार्गदर्शक व्यवस्थापक सचिव: आशुतोष गुप्ता (आशू), राम कुमार गोयल (राम)
उप व्यवस्थापक: नीलेश चौबे, पं. विशाल शर्मा, प्रदीप कुमार बंसल
कार्यकारिणी सदस्य प्रत्याशी: अजमेर सिंह रावत, आकाश सर (अचीवर्स एकेडमी), अतुल गुप्ता, चन्द्र मोहन बोहरे, गौरव नागवानी, गिरीश शर्मा (इवेंट मैनेजर), गोपाल दास बघेले, मोहन अग्रवाल (मक्खन), प्रशांत वाजपेयी, रूपेन्द्र सरकार, संदीप सिंघल (भइयन), श्याम शर्मा, सुनील गोयल (बबलू), सुरेन्द्र अग्रवाल, सुयश शर्मा (बिट्टुआ), तरुण बग्गा एवं वेदप्रकाश शिवहरे।