Homeप्रमुख खबरेंसार्वजनिक संवाद : पारिवारिक निजता, आध्यात्मिक प्रतीकों की मर्यादा और राहुल गांधी

सार्वजनिक संवाद : पारिवारिक निजता, आध्यात्मिक प्रतीकों की मर्यादा और राहुल गांधी

– डॉ. मयंक चतुर्वेदी

सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा, पारिवारिक निजता की सीमाएं और आध्यात्मिक प्रतीकों के प्रयोग की संवेदनशीलता भारतीय समाज और राजनीतिक विमर्श में सदैव गहन चिंतन का विषय रही है। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अपनी माता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन समारोह में साझा किए गए बचपन के एक निजी पारिवारिक संस्मरण ने देश के राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गलियारों में एक व्यापक विमर्श, चर्चा और संवाद को जन्म दिया है।

वस्‍तुत: भोजन के समय सोनिया गांधी के राजीव गांधी की गोद में बैठने के इस प्रसंग को लेकर जहां सोशल मीडिया में अनेक जगह इसे भारतीय पारिवारिक मर्यादा और सार्वजनिक मंच की गरिमा के प्रतिकूल बताते हुए आलोचना की है, वहीं इस प्रसंग के बचाव में राहुल गांधी द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती की पारंपरिक प्रतिमाओं का उदाहरण दिए जाने ने इस चर्चा को एक नई दार्शनिक और धार्मिक दिशा प्रदान करने का प्रयास किया है।

ऐसे में आज यहां जरूरी हो जाता है कि इस संपूर्ण घटनाक्रम, उस पर उठी विविध प्रतिक्रियाओं, भारतीय शास्त्रों और नीति ग्रंथों में निहित श्लोकों के माध्यम से प्रेम व काम के सूक्ष्म भेद, अर्धनारीश्वर के ब्रह्मांडीय स्वरूप, कामशास्त्र की मर्यादाओं और आधुनिक डिजिटल युग में निजी तथा सार्वजनिक जीवन की सीमाओं का एक प्रमाणिक, तथ्यात्मक और संतुलित विश्लेषण हम प्रस्‍तुत करें।

घटनाक्रम की पृष्ठभूमि, तथ्य और सार्वजनिक प्रतिक्रियाएं

इस संपूर्ण विमर्श की शुरुआत सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन कार्यक्रम से हुई। इस मंच से अपने माता-पिता के आपसी स्नेह और पारिवारिक वातावरण को दर्शाने के उद्देश्य से राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक स्मृति साझा की। उन्होंने बताया कि उनके बचपन में दोपहर और रात के भोजन (लंच और डिनर) के समय उनकी मां सोनिया गांधी हमेशा उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठती थीं।

राहुल गांधी के अनुसार, बाल्यावस्था में उन्हें यह दृश्य अत्यंत स्वाभाविक और सामान्य प्रतीत होता था। उन्होंने यह भी साझा किया कि जब वे अपने मित्रों के घर जाते थे, तो जिज्ञासावश उनसे पूछते थे कि उनकी माताएं उनके पिताओं की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं। जैसे ही इस वक्तव्य का वीडियो सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, इस पर तीव्र और बहुआयामी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कई सामाजिक विश्लेषकों और पारंपरिक मूल्यों के समर्थकों ने इस बयान को भारतीय पारिवारिक मर्यादा और सार्वजनिक मंच की गरिमा के अनुरूप नहीं माना। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी के समर्थकों और आधुनिक दृष्टिकोण रखने वाले विचारकों ने इसे एक पुत्र द्वारा अपने माता-पिता के बीच के सहज स्नेह और पारिवारिक खुलेपन की निर्दोष अभिव्यक्ति बताया। उनका तर्क था कि माता-पिता के बीच का प्रेमपूर्ण व्यवहार बच्चों के मानसिक विकास के लिए सकारात्मक होता है और इसे किसी नकारात्मक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।

जब इस निजी प्रसंग को लेकर आलोचनाएं तीव्र हुईं और इसे भारतीय संस्कृति के प्रतिकूल तथा पश्चिमी प्रभाव से प्रेरित बताया जाने लगा, तब राहुल गांधी ने अपनी टिप्पणी का बचाव करने के लिए भारतीय परंपरा और हिंदू आस्था के प्रतीकों का संदर्भ दिया। उन्होंने प्रेम और समानता के महत्व को स्पष्ट करने के लिए भगवान शिव और माता पार्वती की पारंपरिक प्रतिमाओं का उदाहरण प्रस्तुत किया, जिनमें माता पार्वती भगवान शिव की गोद में विराजमान दिखाई देती हैं।

वस्‍तुत: इस उदाहरण ने इस बहस को एक सामान्य राजनीतिक कटाक्ष से निकालकर गहरे दार्शनिक और धार्मिक विमर्श के केंद्र में ला खड़ा किया है। यदि आप यह कहते हैं, भारतीय कला, मूर्तिकला (उमा-महेश्वर स्वरूप) और परंपरा में स्त्री-पुरुष के बीच स्नेह और समानता को अत्यंत स्वाभाविक और पूजनीय माना गया है, तो यह बिल्‍कुल सही है, किंतु सच यह भी है कि सार्वजनिक मंच से साझा किए गए एक निजी किस्से पर उठे विवाद से बचने के लिए दिव्य और अलौकिक प्रतीकों का सहारा लेना संदर्भ और मर्यादा के अनुकूल नहीं है। क्‍योंकि एक आधुनिक पारिवारिक प्रसंग की तुलना करोड़ों लोगों के आराध्य देवी-देवताओं से किए जाने को आध्यात्मिक मर्यादा और आस्था की संवेदनशीलता के विरुद्ध माना जाना जाएगा।

सनातन दर्शन में शिव-पार्वती और अर्धनारीश्वर का अलौकिक स्वरूप

भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और सनातन हिंदू दर्शन के संदर्भ में देखें तो महादेव (शिव) और माता पार्वती को सिर्फ एक सांसारिक दंपत्ति के रूप में नहीं देखा जाता, वह तो संपूर्ण चराचर जगत के मूल आधार हैं। शैव और शाक्त दर्शन के अनुसार, भगवान शिव ‘परम चेतना’ (पुरुष) के प्रतीक हैं और माता पार्वती ‘आदिशक्ति’ (प्रकृति) का स्वरूप हैं। शास्त्रों में उन्हें ‘व्यक्त और अव्यक्त चेतना’ के रूप में वर्णित किया गया है, जिनके पारस्परिक संयोग और संतुलन से ही इस ब्रह्मांड की सृष्टि, पालन और संहार की प्रक्रिया निरंतर संचालित होती है।

महाकवि कालिदास ने अपने प्रसिद्ध महाकाव्य ‘रघुवंशम्’ के प्रथम श्लोक (मंगलाचरण) में इस अद्वैत तत्व को अत्यंत सुंदरता और दार्शनिक गहराई से व्यक्त किया है-

“वागर्थाविव संपृक्तौ वागर्थप्रतिपत्तये।
जगतः पितरौ वन्दे पार्वतीपरमेश्वरौ॥” (रघुवंशम् 1.1)

इस श्लोक का अर्थ है कि जिस प्रकार शब्द (वाक्) और उसका अर्थ (अर्थ) एक-दूसरे से अभिन्न रूप से जुड़े होते हैं, अर्थात् शब्द के बिना अर्थ का और अर्थ के बिना शब्द का कोई अस्तित्व नहीं है, उसी प्रकार संपूर्ण जगत के माता-पिता माता पार्वती और परमेश्वर (शिव) एक-दूसरे में समाहित हैं।

इसी प्रकार, शिवपुराण और लिंगपुराण में वर्णित ‘अर्धनारीश्वर’ के स्वरूप की कल्पना भारतीय मनीषा ने किसी सामान्य दांपत्य व्यवहार या सांसारिक आसक्ति को दिखाने के लिए नहीं की थी। यह इस ब्रह्मांडीय सत्य को सार्वजनिक करने का माध्यम था कि सृष्टि के संचालन में प्रकृति और पुरुष का समान अस्तित्व है और दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।

विद्वानों के अनुसार, देवी-देवताओं की लीलाएं और उनके प्रतिमा विज्ञान (Iconography) मनुष्य को उच्चतम आध्यात्मिक सत्य और अद्वैत दर्शन का बोध कराने के लिए होते हैं। अतः, अलौकिक और ब्रह्मांडीय चेतना के इन प्रतीकों की तुलना किसी भी लौकिक या सांसारिक मानवीय घटना से करना दार्शनिक और धार्मिक मर्यादा के अनुकूल नहीं माना जाता।

भारतीय शास्त्रों में ‘काम’, ‘भोग’ और ‘देश-काल-पात्र’ की मर्यादा

इस चर्चा के क्रम में यह प्रश्न भी स्वाभाविक रूप से उठता है कि भारतीय परंपरा में ‘काम’ और दांपत्य जीवन पर महर्षि वात्स्यायन का ‘कामसूत्र’ जैसा शास्त्रीय ग्रंथ उपलब्ध होने के बावजूद, समाज में सार्वजनिक मर्यादा पर इतना बल क्यों दिया जाता है। भारतीय जीवन दर्शन में चार पुरुषार्थों- धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की व्‍यवस्‍था की गई है। इसमें गृहस्थ आश्रम के भीतर धर्मसंगत ‘काम’ को जीवन का एक आवश्यक, स्वाभाविक और पवित्र अंग माना गया है। श्रीमद्भगवद्गीता के सातवें अध्याय में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म के अनुकूल काम को अपनी ही विभूति बताया है-

“बलं बलवतां चाहं कामरागविवर्जितम्। धर्माविरुद्धो भूतेषु कामोऽस्मि भरतर्षभ॥” (श्रीमद्भगवद्गीता 7.11)

अर्थात्, हे भरतश्रेष्ठ (अर्जुन)! मैं बलवानों का कामना और आसक्ति से रहित बल हूं, और समस्त प्राणियों में धर्म के अनुकूल (मर्यादित) काम मैं ही हूं। यद्यपि प्राचीन भारत में कामशास्त्र और खजुराहो व कोणार्क जैसी मंदिर शिल्पकलाओं का अस्तित्व रहा है, वह अंदर एवं बाहर से जीवन दर्शन को समझाने का कारण है। वह स्‍वयं को जानने के लिए भी है, कि “मैं कौन हूं।” तथापि भारतीय परंपरा में किसी भी ज्ञान के अध्ययन, चर्चा और प्रस्तुति के लिए ‘देश, काल और पात्र’ (स्थान, समय और श्रोता की परिपक्वता) की मर्यादा का कठोर नियम रहा है।

वस्‍तुत: यह तो हम सभी जानते हैं कि महर्षि वात्स्यायन द्वारा रचित कामसूत्र कोई धार्मिक या पूजा-पाठ का ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह मानवीय व्यवहार, कला, गृहस्थ आश्रम के नियमों, संगीत, चित्रकला और सामाजिक शिष्टाचार का एक प्राचीन समाजशास्त्रीय ग्रंथ है। जिस प्रकार चिकित्सा विज्ञान (आयुर्वेद) या शरीर रचना विज्ञान के हर विषय की चर्चा सार्वजनिक मंचों या बच्चों के बीच नहीं की जाती, उसी प्रकार कामसूत्र जैसे विषयों को भी एकांत या वयस्क अध्ययन का विषय माना गया है, न कि सार्वजनिक वाचन का।

नीतिशास्त्र में ‘योगी, रोगी और भोगी’ का शास्त्रीय विवेचन

भारतीय नीतिशास्त्र और संस्कृत सुभाषितों में मनुष्य की प्रवृत्तियों, रात्रि जागरण और इंद्रिय सुख (भोग) के परिणामों का अत्यंत सूक्ष्म विश्लेषण किया गया है। चाणक्य नीति और पारंपरिक सुभाषितों में एक अत्यंत प्रसिद्ध श्लोक प्राप्त होता है-
“योगी रोगी तथा भोगी, त्रयः सुप्ता न रात्रिषु।
योगी योगं चिन्तयति, रोगी व्याधिं चिन्तयति, भोगी भोगं चिन्तयति॥”

इस सूक्ति का मूल भाव यह है कि रात्रि के समय तीन प्रकार के लोग प्रायः जागते हैं- योगी, रोगी और भोगी। यद्यपि एक ही कालखंड (रात्रि) में तीनों के जागने की बाह्य क्रिया समान दिखाई देती है, किंतु तीनों के उद्देश्य, मानसिक स्थिति और परिणाम पूरी तरह भिन्न होते हैं। योगी अपने आत्म-कल्याण, ध्यान और साधना के लिए जागता है। रोगी अपनी शारीरिक पीड़ा या व्याधि के कष्ट के कारण नींद न आने से जागता है। वहीं, भोगी अपनी इंद्रियों की तृप्ति, सांसारिक सुख और ‘काम’ के वशीभूत होकर जागता है।

भारतीय दर्शन में ‘भोग’ का अर्थ सिर्फ एक विषय तक सीमित नहीं है, वह पांचों इंद्रियों (शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गंध) के माध्यम से प्राप्त होने वाले सांसारिक सुखों को भोग कहा गया है। काम (इच्छा और दांपत्य सुख) इसी भोग का एक महत्वपूर्ण भाग है। किंतु शास्त्र यह भी स्पष्ट करते हैं कि अमर्यादित भोग अंततः व्यक्ति को ‘रोग’ और पतन की ओर ले जाता है, जबकि संयमित और मर्यादित जीवन ‘योग’ और उत्थान की ओर ले जाता है, इसीलिए महाभारत के उद्योग पर्व में महात्मा विदुर कहते हैं- “अति सर्वत्र वर्जयेत्”- अर्थात् किसी भी विषय में अति (सीमा का उल्लंघन) का सर्वत्र त्याग करना चाहिए।

उदात्त प्रेम बनाम कामुकता और सार्वजनिक वर्णन की संवेदनशीलता

प्रेम एक अत्यंत उदात्त, पवित्र और सर्वकालिक मानवीय भाव है, जिसका ‘प्रेमत्व’ सदैव अक्षुण्ण रहना चाहिए। स्त्री और पुरुष के बीच का प्रेम हो अथवा पति और पत्नी के बीच की आत्मीयता, भारतीय समाज में इसे सदैव एक अंतर्निहित और आंतरिक अनुभूति का विषय माना गया है। यह प्रदर्शन या सार्वजनिक व्याख्यान का विषय नहीं है, क्योंकि इसकी अपनी एक स्वाभाविक गरिमा, संकोच और गोपनीयता होती है। मनुस्मृति और भारतीय गृहस्थ धर्म के ग्रंथों में पारिवारिक संवाद और आचरण की मर्यादा को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। मनुस्मृति का एक प्रसिद्ध श्लोक सार्वजनिक संवाद की मर्यादा को अत्यंत सटीकता से परिभाषित करता है-

“सत्यं ब्रूयात् प्रियं ब्रूयात् न ब्रूयात् सत्यमप्रियम्।
प्रियं च नानृतं ब्रूयात् एष धर्मः सनातनः॥” (मनुस्मृति 4.138)

इसके साथ ही शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि वक्ता के मुख से निकला शब्द एक बार सार्वजनिक हो जाने पर वक्ता के नियंत्रण से बाहर हो जाता है और उसका अर्थ श्रोता की दृष्टि, मानसिकता और परिवेश के अनुसार ग्रहण किया जाता है। जब किसी निजी या अंतरंग पारिवारिक प्रसंग का सार्वजनिक मंच से वर्णन किया जाता है, तो वक्ता की मंशा चाहे कितनी भी निर्दोष क्यों न हो, श्रोताओं के स्तर पर ‘उदात्त प्रेम’ और ‘लौकिक कामुकता’ के बीच के महीन अंतर को सुरक्षित रख पाना अत्यंत कठिन होता है।

सार्वजनिक सभा में उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति की मानसिक परिपक्वता और ग्रहण करने की दृष्टि भिन्न होती है। यही कारण है कि प्राचीन शास्त्रों ने सदैव इस बात से सावधान किया है कि घर की चारदीवारी के भीतर के प्रसंगों को सार्वजनिक न किया जाए। राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय वरिष्ठ नेतृत्व के लिए यह संवेदनशीलता और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि उनके प्रत्येक शब्द का विश्लेषण समाज, मीडिया और राजनीतिक विरोधियों द्वारा सूक्ष्मता से किया जाता है। तब हमें यह मानना ही पड़ेगा कि राहुल गांधी को अपने माता-पिता से जुड़े इस प्रसंग को सार्वजनिक करने से पूर्व इसके सामाजिक और राजनीतिक प्रभावों का आकलन करना चाहिए था, जोकि शास्त्रीय और व्यावहारिक विवेक पर आधारित है।

निजता की सीमाएं, भारतीय कानून और पारिवारिक संस्कारों की भूमिका

मानव देह की अपनी एक सीमा है और समाज की अपनी एक मर्यादा। आधुनिक समाज और कानून भी निजी तथा सार्वजनिक आचरण के बीच स्पष्ट विभाजन रेखा खींचते हैं। उदाहरण के लिए, भारतीय कानून- भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (जो पूर्व में भारतीय दंड संहिता की धारा 294 थी) के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक स्थान या खुले में अश्लील हरकत या अंतरंग शारीरिक प्रदर्शन करना एक संज्ञेय अपराध है, जिसके लिए कारावास और जुर्माने दोनों का प्रावधान है। कानून हर वयस्क को सहमति से निजी स्थान पर संबंध बनाने की स्वतंत्रता और निजता का अधिकार देता है, किंतु सार्वजनिक स्थानों की गरिमा और अन्य नागरिकों की संवेदनशीलता की रक्षा के लिए खुले में ऐसे कृत्यों पर सख्त प्रतिबंध है। यह कानूनी और सामाजिक व्यवस्था इस तथ्य को पुष्ट करती है कि सामान्य पारिवारिक स्नेह और अंतरंग जीवन के बीच एक स्पष्ट और अनुल्लंघनीय रेखा अनिवार्य है।

परिवार के भीतर माता-पिता बच्चों के सामने मर्यादा में रहकर अपने स्नेह का प्रदर्शन कर सकते हैं, जिससे बच्चों को एक सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और प्रेमपूर्ण वातावरण मिलता है, परंतु इसका अर्थ यह कदापि नहीं है कि घर के भीतर की उन निजी बातों, पारिवारिक आदतों और आत्मीय क्षणों को बड़े होकर सार्वजनिक मंचों पर साझा किया जाए। यदि समाज में घर के अंदर की कहानियों को सार्वजनिक करने की प्रवृत्ति बढ़ जाएगी, तो प्रत्येक परिवार की निजी बातें सार्वजनिक चर्चा, लांछन, आरोप-प्रत्यारोप, हंसी-मजाक और व्यंग्य का विषय बन जाएंगी, जिससे पारिवारिक संस्था की गरिमा को क्षति पहुंचना स्‍वभाविक है।

वस्‍तुत: इसलिए ही परिवार के बड़ों और बच्चों के बीच इस बात का स्पष्ट संवाद होना चाहिए कि घर के भीतर की आत्मीयता और निजी संस्मरण सम्मान व गोपनीयता के योग्य होते हैं। हर पारिवारिक अनुभव बाहरी दुनिया या सार्वजनिक मंच पर साझा करने के लिए नहीं होता। हालांकि यह सही है कि स्नेह और मर्यादा दोनों साथ-साथ चलते हैं, किंतु यह भी ध्‍यान रखने योग्‍य है कि जिस तरह हर व्यक्ति की देह और निजता की एक सीमा होती है, उसी तरह हर परिवार की भी अपनी एक गरिमा होती है, जिसकी रक्षा करना परिवार के हर सदस्य का नैतिक कर्तव्य है।

ऐसे में जो व्यक्ति सार्वजनिक, सामाजिक या राजनीतिक नेतृत्व के पदों पर हैं, उनके लिए वाणी का संयम और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। सार्वजनिक मंच से कही गई हर बात का समाज में अपने-अपने नजरिए से अर्थ निकाला जाता है, इसलिए निजी किस्सों को साझा करते समय उनके संभावित प्रभावों का ध्यान रखना अनिवार्य है।फिर आज के डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में कोई भी वीडियो या वक्तव्य क्षण भर में करोड़ों लोगों तक पहुंच जाता है और उस पर मीम्स व व्यंग्य बनने लगते हैं, इसलिए पारिवारिक और व्यक्तिगत स्तर पर यह जागरूकता आवश्यक है कि घर की किसी भी निजी घटना या संवाद को बिना सोचे-समझे सार्वजनिक न किया जाए।

अत: यहां राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए पारिवारिक प्रसंग और उसके पश्चात उत्पन्न हुए विवाद का संपूर्ण निष्‍कर्ष यह स्पष्ट करता है कि सार्वजनिक जीवन में संवाद की मर्यादा, पारिवारिक निजता और सांस्कृतिक प्रतीकों के प्रयोग में अत्यधिक सावधानी एवं विवेक की आवश्यकता होती है। यद्यपि एक आधुनिक दृष्टिकोण इसे माता-पिता के प्रति एक पुत्र के सहज स्नेह और बालसुलभ स्मृति के रूप में देखता है, तथापि भारतीय सामाजिक परंपरा, नीतिशास्त्र और शास्त्रीय दर्शन इस बात पर बल देते हैं कि दांपत्य प्रेम की पवित्रता और उसका ‘प्रेमत्व’ उसकी निजता और मर्यादा में ही सुरक्षित रहता है।

इसके अतिरिक्त, सनातन हिंदू धर्म में भगवान शिव और माता पार्वती का अर्धनारीश्वर स्वरूप ब्रह्मांडीय चेतना और प्रकृति-पुरुष के अद्वैत का सर्वोच्च प्रतीक है, जिसकी तुलना किसी भी लौकिक या मानवीय प्रसंग से करना आस्थावान समाज की संवेदनाओं के अनुकूल नहीं माना जाएगा। अंततः, एक स्वस्थ, शालीन और मर्यादित सार्वजनिक विमर्श के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर सार्वजनिक जीवन के प्रतिनिधि तो कम से कम अपनी पारिवारिक निजता, सामाजिक शिष्टाचार और आध्यात्मिक प्रतीकों की गरिमा के बीच एक स्पष्ट और सम्मानजनक संतुलन बनाए रखें। यही धर्म है और यही सनातन का संदेश भी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments