मुंबई के नागपाड़ा स्थित पाकमोडिया स्ट्रीट में बुधवार को भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी थी, लेकिन धार्मिक स्थल को लेकर स्थानीय लोगों के भारी विरोध के कारण मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी।
हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना परिसर में भगोड़े दाऊद का पुश्तैनी घर, उसका पुराना कार्यालय और एक प्रार्थना स्थल (मस्जिद) मौजूद है। विवाद इस बात को लेकर खड़ा हुआ कि तोड़क कार्रवाई की जद में धार्मिक स्थल भी आ सकता है। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट विरोध जताते हुए कहा कि धार्मिक स्थल को किसी भी सूरत में नहीं हटाया जाना चाहिए।SBUT कर रहा है इलाके का विकास
पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट का यह इलाका सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) के पुनर्विकास प्रोजेक्ट का हिस्सा है। ट्रस्ट इस क्षेत्र को नए सिरे से विकसित कर रहा है। इसी विकास प्रक्रिया के तहत पुरानी इमारतों और निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, धार्मिक स्थल को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्ति ने इस प्रक्रिया को नया मोड़ दे दिया है।
विरोध के बाद नहीं हुई कार्रवाई
बुधवार सुबह से ही बीएमसी की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा थी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की टीम के पहुंचने और तोड़क कार्रवाई की तैयारी के बीच स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। धार्मिक स्थल को हटाने की आशंका को लेकर लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। विरोध को देखते हुए बीएमसी ने बुधवार को कोई तोड़क कार्रवाई नहीं की।
फिलहाल दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर और उससे जुड़े परिसर पर कार्रवाई कब होगी, यह स्पष्ट नहीं है। वहीं, धार्मिक स्थल को लेकर दोनों पक्षों के बीच बना मतभेद इस पूरे मामले का प्रमुख मुद्दा बन गया है। उल्लेखनीय है कि दाऊद अभी भागकर पाकिस्तान में छुपा है।