लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज प्रेस वार्ता के माध्यम से परिसीमन बिल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि हमने उनके वोट चोरी पर पकड़ा तो वे नए आईडिया लेकर आए. उन्होंने कहा, ‘हमने एक जगह बंद की तो ये नए रास्ते लेकर आए. वोट चोरी पर हमने कई बार बीजेपी को घेरा. 100 फीसदी जेन-जी समझते हैं कि वोट चारी हुई है. बीजेपी बचने के नए रास्ते खोज रही. हमने इनको वोट चोरी के मामले में फंसा लिया. हम ज्ञानेश कुमार को लेकर जल्दी ही बड़ा खुलासा करेंगे.’ उन्होंने कहा कि हम देश में तानाशाही लाने की इजाजत नहीं देंगे.लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘यह सोच कि वे जब चाहें और जहां चाहें चुनावों में धांधली कर सकते हैं, अब पुरानी पड़ चुकी है. वे भले ही अब भी चुनावों में धांधली कर सकें, लेकिन भारत जानता है कि वे धांधली कर रहे हैं. हमारे सर्वे से पता चलता है कि भारत के 80 फीसदी लोग और Gen-Z के लगभग 100 फीसदी लोग मानते हैं कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार चुनाव चुराते हैं. अब वे एक नई योजना लेकर आए हैं.’
2024 का चुनाव अवैध था:
राहुल गांधीराहुल गांधी ने आगे कहा, ‘आज मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह नया रास्ता कैसा दिखता है, इसका ढांचा क्या है और इसका नतीजा क्या होने वाला है. चुनाव आयोग (EC) ने खुद कहा है कि 2024 में 14 करोड़ ऐसे लोगों ने वोट डाला, जिन्हें 2024 में वोट नहीं डालना चाहिए था, यानी जो पात्र मतदाता नहीं थे. इसका मतलब है कि खुद चुनाव आयोग के मुताबिक 2024 का चुनाव अवैध था.’
उन्होंने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर में सीटों को फिर से तय किया गया. बिहार में हमने आपको मतदाताओं के नाम हटाने का मामला दिखाया. असम में पूरे राज्य का ढांचा बीजेपी के अनुकूल बदला गया और पश्चिम बंगाल में 100 से ज्यादा सीटें चुराई गईं. हमने मोदी, शाह और ज्ञानेश को घेर लिया है. वे भी यह जानते हैं और हम भी जानते हैं. जैसा कि मैंने आपसे कहा है, हमारे पास ज्ञानेश कुमार के बारे में काफी जानकारी है और वह बच नहीं पाएंगे. हम वह जानकारी जल्द ही आपके सामने रखने जा रहे हैं.’भारत के चुनावी नक्शे को बदल रहे: राहुल गांधी
परिसीमन बिल पर उन्होंने कहा, ‘सरकार की मंशा ये है कि लोकसभा में 543 सदस्यों के बजाय 850 सदस्य होने चाहिए और इसके लिए वे महिला आरक्षण का बहाना बना रहे हैं. महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है. इसे कल ही लागू किया जा सकता है तो सवाल ये है कि 850 ही क्यों? इसका जवाब असम में है और जम्मू-कश्मीर में है, क्योंकि जब आपके पास खेलने के लिए 850 सीटें होती हैं तो आप जो बदलाव कर सकते हैं और भारत के चुनावी नक्शे को जिस तरह फिर से गढ़ सकते हैं, उसका दायरा बहुत बड़ा होता है.’
उन्होंने बताया, ‘इससे बीजेपी को अपने फायदे के लिए भारत के चुनावी नक्शे को फिर से बनाने की जगह मिलती है, उन समुदायों का प्रतिनिधित्व कमजोर करने की छूट मिलती है जो उनके खिलाफ हैं और इससे वे खास विपक्षी नेताओं को निशाना बना सकते हैं. Gen Z, कृपया इस आंकड़े को याद रखें. यह आंकड़ा भारतीय लोकतंत्र की हत्या को दर्शाता है 850. इसका मकसद नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को एक खाली कैनवास देना है, ताकि वे भारत के चुनाव क्षेत्रों का नक्शा अपनी मर्जी के मुताबिक बदल सकें.’