Homeप्रमुख खबरेंग्वालियर के राहुल वर्मा ने सूरत में आयोजित नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग...

ग्वालियर के राहुल वर्मा ने सूरत में आयोजित नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में जीता गोल्ड

ग्वालियर 29 नवंबर 2026  ग्वालियर के सराफा बाजार के  राहुल वर्मा ने गुजरात के सूरत में आयोजित 36वीं नेशनल स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एवं इंक्लाइन बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर अपने परिवार और ग्वालियर शहर का नाम पूरे देश में रोशन कर दिया है।

यह चैंपियनशिप 25 से 28 नवंबर 2026 तक सूरत के लाल दरवाजा स्थित श्री सुरती मोढ वणिक वाडी में आयोजित की गई। इसमें देश के 22 राज्यों से 450 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। यह चैंपियनशिप जुलाई 2027 में मलेशिया में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन ट्रायल भी थी।

राहुल वर्मा ने सीनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंच पर जब उनका नाम पुकारा गया तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। आयोजकों ने उन्हें मेडल, प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। आप प्रतिष्ठित सराफा व्यवसाई दिनेश वर्मा के सुपुत्र हैं।

*दादा की विरासत को आगे बढ़ाया*

राहुल की यह जीत सिर्फ एक मेडल नहीं, बल्कि उनके परिवार की पहलवानी परंपरा की जीत है। राहुल के दादाजी स्वर्गीय श्री राधा कृष्ण जी पहलवान ग्वालियर शहर के सुप्रसिद्ध पहलवान और व्यवसायी थे। वे ग्वालियर के प्रसिद्ध चंपाबाग अखाड़ा के पहलवान थे। उन्होंने अपने समय में ग्वालियर मेले के दंगल सहित अन्य शहरों में अनेक दंगलों में कुश्तियां लड़ीं और अपने समय के नामी पहलवान कहलाए।

आज उनके पोते राहुल वर्मा ने उसी अखाड़े की मिट्टी की ताकत और परिवार के संस्कारों को स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में बदलकर नेशनल चैंपियन बनकर दिखा दिया है।

*पहले भी जीत चुके हैं कई मेडल*

राहुल कोई नए खिलाड़ी नहीं हैं। इससे पहले भी वे कजाकिस्तान, थाईलैंड, चंडीगढ़, जबलपुर, इंदौर आदि शहरों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। अब सूरत में नेशनल गोल्ड जीतकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं।

इस उपलब्धि पर भाजपा नेता और राहुल वर्मा के चाचा ओमप्रकाश जाजोरिया ने कहा, “राहुल की जीत ग्वालियर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने दादाजी स्वर्गीय राधा कृष्ण जी पहलवान का नाम और आगे बढ़ाया है। हम कामना करते हैं कि वे मलेशिया में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भारत का तिरंगा लहराएं।”।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments