राहुल गांधी के बेहद करीबी कांग्रेस नेता दीपक बाबरिया द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तारीफ़ के बाद अब कांग्रेस सेवादल ने भी संघ की खुलकर तारीफ की है. सेवादल के प्रेसनोट में बताया गया कि संघ फौजी अनुशासन वाला संगठन है. इतना ही नहीं सेवादल ने संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार को देशभक्त भी बताया है.सेवादल के प्रेसनोट में डॉ. हेडगेवार के 1921 के असहयोग आंदोलन में भाग लेने और जेल जाने का जिक्र भी किया गया है. साथ ही 1928 में साइमन कमीशन के भारत आगमन पर आरएसएस के आंदोलन करने का भी जिक्र किया गया है. सेवादल के मुताबिक, आरएसएस ने आज़ादी की लड़ाई में भाग लिया था. वहीं जब यह मामला सुर्खियों में आया तो सेवादाल ने इसे प्रिंटिंग मिस्टेक बता दिया.
कांग्रेस सेवा दल के प्रेस नोट में संघ की जमकर तारीफ की गई है
बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और वरिष्ठ नेता दीपक बाबरिया ने भी संघ की तारीफ की थी. दीपक बाबरिया ने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरएसएस से अनुशासन सीखना चाहिए. उन्होंने कहा था कि आरएसएस के अच्छे पहलुओं की तारीफ करने में कोई संकोच नहीं है.