मध्यप्रदेश सहित चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और उसके बाद मई में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने जमीनी स्तर पर अपनी योजना बना ली है। इस योजना में सँगठनमंत्रियों व चुनाव हेतु पूर्ण कालिक संकल्प लेकर निकले कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रहने वाली है।महत्वपूर्ण बात यह है कि इस अभियान में सांसदो, विधायकों व बड़े नेताओं से ज्यादा स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका रहेगी।
भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों को बूथ टोलियों के जरिये घर-घर पहुंचाने जा रही है।। इसके लिए पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रदेशों के संगठन मंत्रियों के साथ अभियान का खाका तैयार कर लिया है। इस अभियान को बूथ स्तर के कार्यकर्ता अंजाम देंगे। हर बूथ पर पार्टी के सभी मोर्चों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की टोली बनाई जाएगी जो मोदी सरकार व राज्य सरकार (जहां भाजपा की सरकारें हैं) की योजनाओं से होने वाले सीधे लाभ को समझाएगी।
भाजपा अब जमीनी चुनावी तैयारियों में जुट गई है जिसमें सांसदो, विधायकों व बड़े नेताओं से ज्यादा स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के संदेश को लेकर अब हर बूथ पर व्यूह रचना की जा रही है। कार्यकारिणी की बैठक के बाद सभी राज्यों के संगठन मंत्रियों के साथ मंथन में घर-घर दस्तक अभियान पर तेजी से अमल करने को कहा गया है।
उसके सभी मोर्चों को जोड़ा जाएगा। आमतौर पर बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ता युवा ही होते हैं। ऐसे में बूथ की टीम में पार्टी के युवा, महिला, एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक मोर्चा के भी कार्यकर्ताओ को लिया जाएगा।
घर व बाहर दोनों जगह होगा संपर्क
हर बूथ पर लगभग दो दर्जन कार्यकर्ताओं की टोली बनेगी। यह टोली हर रोज सुबह-शाम और छुट्टी वाले दिनों में घर-घर जाकर परिवारों से मिलेगी। साथ दुकानदारों व अन्य छोटे-मोटे काम करने वालों से भी संपर्क करेगी। पार्टी का यह संपर्क अभियान कई दौर में चलेगा और लोगों को बताएगा कि विपक्ष के आरोप व सरकार का काम की हकीकत क्या है? देश पांच सालों में कहां पहुंच गया है और अगले पांच साल में क्या होगा? भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों, आंकड़ों व तर्कों से लोगों को समझाएंगे कि मोदी सरकार को बरकरार रखना कितना जरूरी है।