ग्वालियर| मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है| बीजेपी ने इस बार महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया गया है, जिसे नारी शक्ति संकल्प पत्र नाम दिया गया है|
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हिदायतुल्लाह शेख ने ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए इस बारे में विस्तार से जानकारी दी उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए शिक्षा के सुलभ अवसर, रोजगार के अवसर, कौशल विकास में स्वावलम्बन, स्वस्थ जीवन, महिला सुरक्षा समेत तमाम वादे बीजेपी ने महिलाओं के लिए जारी किये गए संकल्प पत्र में किये हैं|
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति संकल्प पत्र के नाम से इसमें महिलाओं को फोकस करके वादे किए गए हैं। इसमें महिलाओं के शिक्षा स्वास्थ्य से लेकर आर्थिक मजबूती तक के लिए विजन डॉक्युमेंट दिया गया है। पुलिस थानों में महिला सुविधा अधिकारी की नियुक्ति, पुलिस में पहले महिलाओं के पदों को भरने और सभी पुलिस थानों में यौन अत्याचार फॉरेंसिक परीक्षण किट उपलब्ध कराने का वादा है। महिलाओं के लिए नए स्टार्टअप लाने, 10 नए महिला ग्रामीण बीपीओ स्थापित करने, डेयरी उद्योग में महिलाओं को प्राथमिकता देने और रोजगार और स्वरोजगार में भी विशेष इंतजाम करने का संकल्प घोषणा पत्र में है। उन्होंने बताया कि12वीं में 75 फीसदी से ज्यादा अंक लाने वाली छात्राओँ को स्कूटी देने व यात्री और शहरी बसों में महिलाओं को छूट 60 साल से अधिक महिलाओं को निशुल्क यात्रा की व्यवस्था का संकल्प भी हमने लिया है। चर्चा के दौरान शलभमणि त्रिपाठी, नीरू सिंह ज्ञानी पवन सेन भी उपस्थित थे।