ग्वालियर 30 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 सितम्बर को ग्वालियर में आयोजित बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ग्वालियर प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के माध्यम से तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बलराम जयंती एवं किसान समागम कार्यक्रम ग्वालियर में मेला मैदान परिसर में आयोजित किया जायेगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मेला मैदान पर आयोजित होने वाले बलराम जयंती महोत्सव एवं सहकारी किसान समागम कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आयोजन की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। मेला मैदान में इस अवसर पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जायेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम में आने वाले किसान भाईयों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान दिया जाए। आयोजन की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
मेला मैदान पर आयोजित होने वाले बलराम जयंती महोत्सव की तैयारियों का रविवार को मध्यप्रदेश अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक जादौन के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों ने निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को तत्परता से पूर्ण करने के दिशा-निर्देश दिए।