Homeप्रमुख खबरेंसकल ब्राह्मण महासमिति बनी बुजुर्गों का सहारा, हर माह होगा मिलन समारोह

सकल ब्राह्मण महासमिति बनी बुजुर्गों का सहारा, हर माह होगा मिलन समारोह

प्रताड़ित बुजुर्ग दंपती को दिया सहयोग का भरोसा, समस्याओं के निःशुल्क निराकरण का लिया संकल्प

ग्वालियर, 29 अक्टूबर। सकल ब्राह्मण महासमिति ने समाज के बुजुर्गों की सहायता और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पहल की है। समिति ने संकल्प लिया है कि यदि किसी बुजुर्ग को अपने परिजनों या अन्य लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है, तो उनकी समस्या के निराकरण के लिए निःशुल्क प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, अस्वस्थ बुजुर्गों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

समिति ने समाचार पत्रों के माध्यम से सेवानिवृत्त नरेश शर्मा एवं उनकी पत्नी पुष्पा शर्मा को उनकी संतान द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद समिति के आजीवन सदस्य एवं संरक्षक बृजेश चतुर्वेदी अपने साथियों के साथ शताब्दीपुरम स्थित बुजुर्ग दंपती के निवास पर पहुंचे और उन्हें सहयोग का भरोसा दिया। इसके बाद वे नरेश शर्मा को अपने साथ ले आए।

नरेश शर्मा ने बताया कि वह अपने दोनों पुत्रों से परेशान हैं। उनके अनुसार, एक पुत्र नशामुक्ति केंद्र में है, जबकि दूसरे पुत्र और उसकी पत्नी के साथ संपत्ति को लेकर विवाद एवं मारपीट की स्थिति बनी। इस मामले में बृजेश चतुर्वेदी ने बुजुर्ग दंपती को आश्वस्त किया कि सकल ब्राह्मण महासमिति उनके साथ खड़ी है और उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। दोनों पुत्रों के परिवारों को भी समझाइश दी गई।

एसडीएम न्यायालय में होगी सुनवाई

समिति से मिली जानकारी के अनुसार, नरेश शर्मा एवं पुष्पा शर्मा की शिकायत पर 30 अक्टूबर को एसडीएम न्यायालय में कार्रवाई प्रस्तावित है। समिति ने बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता की उपेक्षा करना और उनके साथ दुर्व्यवहार करना गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है।

हर महीने के अंतिम दिन होगा बुजुर्ग मिलन समारोह

बुजुर्गों की समस्याओं को सुनने, उन्हें सहयोग देने और आपसी संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सकल ब्राह्मण महासमिति द्वारा प्रत्येक महीने के अंतिम दिन बुजुर्ग मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। पहला मिलन समारोह 31 अक्टूबर को शाम 5 बजे समिति के प्रधान कार्यालय, ऊंट पुल स्थित किताब घर पर निःशुल्क आयोजित होगा।

समिति के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज ने इस कार्य के संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें बृजेश चतुर्वेदी, योगेंद्र दीक्षित एवं देवेंद्र कुमार पाठक को शामिल किया गया है। समिति की पहली बैठक 30 अक्टूबर को महिला अध्यक्ष बीना भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित होगी।

बुजुर्गों की सहायता के लिए जारी किया संपर्क नंबर

सकल ब्राह्मण महासमिति के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा, महामंत्री डॉ. मुन्नालाल शर्मा, कार्यालय मंत्री देवेंद्र कुमार पाठक एवं कोषाध्यक्ष योगेंद्र दीक्षित ने समाज के सभी बंधुओं से अपील की है कि यदि किसी बुजुर्ग को उनके बच्चे सहयोग नहीं दे रहे हैं या उनके बच्चे बाहर रहते हैं, तो ऐसे बुजुर्ग समिति से संपर्क कर सकते हैं।

समिति ने जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9977829353 जारी किया गया है।

समिति का कहना है कि समाज के बुजुर्गों का सम्मान, सुरक्षा और सहयोग सामूहिक जिम्मेदारी है। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों को सहायता दिलाने और उनके जीवन में सुरक्षा एवं अपनत्व का भाव मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments