दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त होने के बाद चुनाव मैदान में अकेले रह गए थे पुरी
भोपाल5 नवंबर 2026/केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हो गए हैं। गुरुवार, 5 नवंबर को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनकी ओर से निर्वाचन प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
इस उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी और कांते सायन्ना के नामांकन जांच के दौरान निरस्त कर दिए गए थे। लोहानी का नामांकन अनिवार्य Form-26 शपथपत्र निर्धारित समय में प्रस्तुत नहीं होने के आधार पर खारिज हुआ। लोहानी ने ईमेल से दस्तावेज भेजने का दावा किया था, जबकि निर्वाचन अधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत दस्तावेज जमा नहीं होने की बात कही।
वहीं, हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पर कांग्रेस नेताओं ने भी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने 3 नवंबर को सुनवाई के बाद इन आपत्तियों को खारिज करते हुए पुरी का नामांकन वैध घोषित किया था।
इस तरह मध्य प्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव बिना मतदान के संपन्न हो गया।