Homeप्रमुख खबरेंमहाराज बाड़े की मल्टीलेवल पार्किंग में पाताल तोड़ पानी देखकर गंभीर हुए...

महाराज बाड़े की मल्टीलेवल पार्किंग में पाताल तोड़ पानी देखकर गंभीर हुए सिंधिया

कलेक्टर, निगम कमिश्नर और निर्माण कंपनी को सम्पूर्ण स्टडी कर समाधान के निर्देश; चंबल-कोतवाल जल परियोजना और एलीवेटेड रोड का भी किया निरीक्षण

ग्वालियर 21 सितंबर 2026/महाराज बाड़े की निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के बेसमेंट से लगातार निकल रहे पाताल तोड़ पानी को देखकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की भाव-भंगिमा बेहद गंभीर नजर आई। पार्किंग का मौका मुआयना करने पहुंचे सिंधिया ने यहां पानी निकलने की स्थिति को गंभीरता से देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों से इसकी जानकारी ली।

सिंधिया ने मीडिया के सामने साफ किया कि उन्होंने कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर और निर्माण कंपनी को निर्देशित किया है कि पानी निकलने के कारणों की सम्पूर्ण स्टडी करने के बाद उचित निर्णय लिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पानी को बेसमेंट के फ्लोर से बाहर निकालने की समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हो।

उल्लेखनीय है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस विशाल मल्टीलेवल पार्किंग में निर्माण कार्य के दौरान जमीन से पानी निकलना शुरू हुआ था। लगातार पानी निकलने के कारण पार्किंग का निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और स्थिति यह बनी कि महाराज बाड़े तक में तालाबनुमा पानी भरने लगा था।

आश्चर्य की बात यह है कि लंबे समय से पानी निकलने की समस्या के बावजूद प्रशासन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं खोज पाया है और बेसमेंट से पानी निकलना लगातार जारी है। ऐसे में आज केंद्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्पष्ट रूप से समाधान तलाशने के निर्देश दिए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि जनता के पैसे का एक-एक पैसा गुणवत्तापूर्ण कार्य में उपयोग होना चाहिए। विकास कार्यों में गति जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता और निर्माण की सावधानियों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने बेसमेंट-3 में पानी की निकासी के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे विषय का समग्र एवं तकनीकी अध्ययन किया जाए। उन्होंने कहा कि पानी के आउटलेट और निकासी व्यवस्था का ऐसा स्थायी एवं सुरक्षित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को इस विषय की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि महाराजा बाड़ा मल्टीलेवल कार पार्किंग ग्वालियर के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित की जा रही इस परियोजना से महाराजा बाड़ा क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में आवश्यक गति लाने के साथ गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए।
परियोजना के तहत लगभग 77 करोड़ रुपये की लागत से 429 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जा रही है। इसमें 353 चार-पहिया और 76 दो-पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने निर्देश दिए कि बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर का कार्य जनवरी-फरवरी 2027 तक पूरा करने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूर्ण हो सके।
उन्होंने कहा कि पानी, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए उपलब्ध कराई जा रही राशि का सदुपयोग करते हुए ऐसी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए, जिनका लाभ लंबे समय तक आम नागरिकों को मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का अंतिम उद्देश्य जनता की सेवा, बेहतर सुविधाएं और ग्वालियर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है

चंबल-कोतवाल जल परियोजना का भी लिया जायजा

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने  मुरैना में चंबल–कोतवाल जल परियोजना के अंतर्गत कोतवाल डैम, सांक ब्रिज, पाइप निर्माण स्थल और बानमोर के पास पाइपलाइन बिछाने के कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

सिंधिया ने कहा कि 458 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चंबल नदी और कोतवाल डैम से प्रतिदिन 150 MLD पानी ग्वालियर लाया जाएगा। परियोजना के तहत अब तक लगभग 22 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना ग्वालियर की बढ़ती जल आवश्यकताओं को पूरा करने और आने वाले वर्षों के लिए मजबूत जलापूर्ति व्यवस्था तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना को 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रयास है कि चंबल का जल ग्वालियर के हर घर तक पहुंचे और शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

एलीवेटेड रोड के कार्य का भी निरीक्षण

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने दौरे के दौरान एलीवेटेड रोड के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की स्थिति की जानकारी ली।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments