देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन सेवा के 25 साल पूरे करने जा रहे हैं। आने वाले 7 अक्टूबर को पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे हो रहे हैं। आपको बता दें कि पीएम मोदी 7 अक्टूबर को ही गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। तब से लेकर अब तक पीएम मोदी पद लगातार मुख्यमंत्री और उसके बाद प्रधानमंत्री के पद पर रहे हैं। पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मेगा प्लान तैयार किया है। भाजपा इस मौके पर देशभर में ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ मनाने की तैयारी कर रही है।
-क्या कार्यक्रम आयोजित होंगे?
सामने आई जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प महोत्सव के दौरान करीब 15 दिनों तक देशभर में विशेष कार्यक्रम चलाए जाने की प्लानिंग बनाई गई है। इस दौरान स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष’ थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनी लगेंगी।सुशासन, विकास और अंत्योदय पर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन होंगे। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
विनोद तावड़े को सौंपी गई जिम्मेदारी
पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर आयोजित हो रहे सेवा संकल्प महोत्सव की जिम्मेदारी भाजपा नेता और पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार, हर राज्य में 7 सदस्यीय टीम संभालेगी अभियान की कमान- जिसमें प्रदेश सरकार का एक मंत्री, संगठन से एक महामंत्री और पांच नेता शामिल होंगे।