अपने लाडले सपूत भारत रत्न व देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के निधन से उनके गृहनगर ग्वालियर में शोक की लहर व्याप्त है।
एक ओर जहां सुबह से उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए लोग मन्दिरों में प्रार्थना ,हवन आदि करते दिखाई दिए वहीं शाम होते ही जब यह समाचार आया कि उनके लाड़ले नेता का निधन हो गया है लोग जैसे स्तब्ध रह गए।
अटलजी के गृह निवास कमल सिंह का बाग में लोग घरों से बाहर निकल आये और अटलजी की स्मृतियों की चर्चा करने लगे । यही स्थिति शहर के प्रमुख बाजारों चोराहों पर भी देखी गई। लोग अटलजी से के साथ ग्वालियर के तमाम प्रसंगो को याद करते रहे।
उधर भाजपा के सम्भागीय मुख्यालय 38 रेसकोर्स रोड और जिला कार्यालय मुखर्जी भवन में भी कार्यकर्ता नेता शोकाकुल थे। भाजपा के ग्वालियर चम्बल सम्भाग के सह प्रभारी विवेक जोशी ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी पूरे दिन भाजपा कार्यालय में उपस्थित थे।
उधर ग्वालियर में जहां शुक्रवार को सभी स्कूल कॉलेज अटलजी के शोक में बंद रहेंगे वहीं सरकारी दफ़्तरों में भी शोक घोषित किया गया है। ग्वालियर के तमाम व्यापारिक संगठनों ने भी अटलजी के निधन पर गहन शोक व्यक्त करते हुए। शुक्रवार को अपने व्यापारिक संस्थान, बाजार बंद रखने की बात कही है।भाजपा नेता विवेक जोशी और अभय चौधरी आदि से चेम्बर अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल,व्यापारी प्रतिनिधि महेश मुदगल सहित अनेक बाजारों के अध्यक्ष आदि ने चर्चा में अटलजी को महान नेता बताया और कहा कि वे ग्वालियर के सपूत थे अतः उनके शोक में बाजार बंद रखे जाएंगे।
