जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए भी विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर
विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति योजना के तहत 25 मई तक आवेदन आमंत्रित
ग्वालियर, 23 मई 2026/ विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक ग्वालियर जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिये भी सुनहरा अवसर है। राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मध्यप्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत सत्र 2026-27 (जनवरी से जून 2026) के लिये पात्र विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर एवं पीएचडी अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन-पत्र 25 मई 2026 को शाम 6 बजे तक जमा किए जा सकते हैं।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा यह छात्रवृत्ति योजना प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाती है। इसमें जनवरी-जून एवं जुलाई-दिसंबर सत्र के लिए 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। आवेदक का 10वीं एवं 12वीं मध्यप्रदेश से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। स्नातकोत्तर एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों की पात्रता निर्धारित की गई है। परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष तथा पीएचडी के लिए 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित विद्यार्थी केवल क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए पात्र होंगे तथा संबंधित विश्वविद्यालय से प्रवेश अथवा ऑफर लेटर होना अनिवार्य रहेगा।
योजना के तहत शिक्षण शुल्क, वीजा शुल्क, बीमा प्रीमियम, हवाई यात्रा व्यय सहित अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए अधिकतम 40 हजार अमेरिकी डॉलर तक की सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, विश्वविद्यालय की रैंकिंग एवं साक्षात्कार के आधार पर मेरिट अनुसार किया जाएगा।
इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र स्वयं, वाहक, डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से आयुक्त, उच्च शिक्षा कार्यालय, सतपुड़ा भवन भोपाल में निर्धारित समय सीमा तक जमा कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।