लोकसभा चुनाव के एक्जिट पोल के बाद मप्र में नेताओं ने कमलनाथ सरकार को लेकर बयानवाजी तेज कर दी है। भार्गव द्वारा बहुमत साबित करने की मांग के बाद केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि कई कांग्रेस विधायक पार्टी के संपर्क में है। जब जरूरत पड़ेगी वह उनसे बात करेंगे।उधर कमलनाथ सरकार के मंत्री पी सी शर्मा ने भी अब पलटवार करते हुए भाजपा के 25 विधायकों के कांग्रेस के। सम्पर्क में होने का दावा किया है।
हालांकि तोमर ने यह खुलासा नहीं किया कि कौन-कौन से कांग्रेसी विधायक उनके संपर्क में है। वे भोपाल में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उनके अनुसार अभी मप्र को लेकर कोई रणनीति नहीं बनी है। दिल्ली में सरकार तय होने के बाद इस पर चर्चा हो सकती है।
स्पीकर, डिप्टी स्पीकर के चुनाव में साबित कर चुके हैं बहुमत
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव द्वारा फ्लोर टेस्ट करने की मांग पर पलटवार करते हुए कहा कि यह फ्लोर टेस्ट की बात पहले दिन से कर रहे थे। पिछले 5 महीनों में हमने 4 बार अपना बहुमत साबित किया है। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की बात हो,उपाध्यक्ष के चुनाव की बात हो,अनुपूरक बजट की बात हो या बजट की बात हो हमने अपना बहुमत हमेशा साबित किया है। कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस को बहुमत साबित करने में कोई परेशानी नहीं है। इन्होंने 15 वर्ष में भ्रष्टाचार किया है घोटाले किए हैं। उसके खुलासे से बचने के लिए यह इस तरह का प्रयास कर रहे हैं की वर्तमान सरकार को डिस्टर्ब किया जाए। मत नहीं है। यह जानते हैं कि अब सारे खुलासे होंगे। ब्लॉक से लेकर, जिला से लेकर भोपाल तक हर क्षेत्र में इनके खुलासे सामने आएंगे। हम हमेशा फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार है।
भाजपा के 25 विधायक हमारे संपर्क में: पीसी शर्मा
बीजेपी नेताओं के कांग्रेस के कई विधायक बीजेपी के संपर्क में होने के दावों पर मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि बीजेपी के 25 विधायक हमारे संपर्क में है, नतीजों के बाद जब बीजेपी की सरकार नहीं बनेगी तो ये विधायक हमारे साथ आ जाएगा। पीसी शर्मा ने मीडिया से चर्चा में बहुमत साबित करने की बीजेपी की मांग पर कहा पहले भी हमने विधानसभा में बहुमत साबित किया है, लेकिन बीजेपी सिर्फ अधिकारियों में डर बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा अधिकारी और कोई भी कार्यकर्ता इनकी गीदड़ भपकियों से डरे नहीं। वहीं एग्जिट पोल पर कहा 23 मई को एग्जिट पोल के नतीजो के उलट परिणाम आयंगे।