भारत अब खराब मौसम में भी देश के अंदर, दुश्मन देशों और भारतीय सीमाओं की निगरानी कर सकेगा।
श्रीहरिकोटा /भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बुधवार अल सुबह हर मौसम में काम करने वाले रडार इमेजिंग निगरानी उपग्रह ‘आरआईसैट-2बी’ ( RISAT 2B)का पृथ्वी की निचली कक्षा में सफल प्रक्षेपण कर दिया। करीब सात साल के लंबे अंतराल के बाद भारत ने इस तरह के निगरानी सैटलाइट का प्रक्षेपण किया है। आरआईसैट-2बी के सफल प्रक्षेपण के साथ ही भारत अब खराब मौसम में भी देश के अंदर, दुश्मन देशों और भारतीय सीमाओं की निगरानी कर सकेगा। यही नहीं भारत अब बालाकोट एयर स्ट्राइक जैसे अभियानों की आसानी से तस्वीर ले सकेगा।
इसरो की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पीएसएलवी-सी46 रॉकेट के 48वें मिशन के जरिए सुबह साढ़े पांच बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से आरआईसैट-2बी को प्रक्षेपित किया गया। इस उपग्रह का भार 615 किलोग्राम है और इसे प्रक्षेपण के करीब 15 मिनट बाद पृथ्वी की निचली कक्षा में छोड़ा गया। आरआईसैट-1 लॉन्च को Risat-2 के लॉन्च पर प्राथमिकता देते हुए 2008 मुंबई आतंकी हमले के बाद टाला गया था।