ग्वालियर /राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक डॉ मोहन भागवत के आज ग्वालियर आगमन और यहां केदारपुर में 31अक्टूबर से 4 नवम्बर तक होने वाले अखिल भारतीय विविध संगठन प्रचारक वर्ग में संघ के शीर्ष नेतृत्व सहित देश भर से 31 विविध संगठन के कुल 554 पूर्णकलिक प्रचारकों के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा बेहद कड़ी कर दीं गई है। ग्वालियर पुलिस प्रशासन ने बैठक स्थल सरस्वती शिशु मंदिर केदारपुर की दो किलोमीटर की परिधि नो फ्लाई जोन घोषित कर दीं है
शिवपुरी लिंक रोड़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण से दो किलोमीटर की परिधि में 29 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस आशय का आदेश पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह द्वारा जारी किया गया है। इस अवधि में सरस्वती शिशु मंदिर केदारपुर से दो किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बलून एवं अन्य फ्लाईंग ऑब्जेक्ट प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने नागर विमानन मंत्रालय द्वारा ड्रोन नियम 2021 के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।
ज्ञात हो सरस्वती शिशु मंदिर केदारपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। जिसमें राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक श्री मोहन भागवत भी भाग लेने आए हैं, उन्हें जेड प्लस सीआईएसएफ कवर सुरक्षा प्राप्त है। साथ ही इस आयोजन में अन्य विशिष्ट व्यक्ति भी शामिल हो रहे हैं। इन सबकी सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस अधीक्षक द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर केदारपुर के दो किलोमीटर के दायरे में नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। यह आदेश 29 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे से एक नवम्बर की पूरी रात तक लागू रहेगा।
ग्वालियर में अखिल भारतीय विविध संगठन प्रचारक वर्ग 31अक्टूबर से 4 नवम्बर तक
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रचारकों का वर्ग 31अक्टूबर से 4 नवम्बर 2024 तक, शुभ दीपावली पर्व पर ग्वालियर, मध्यप्रदेश में आयोजित हो रहा है। इस वर्ग में देश भर से 31 विविध संगठन के कुल 554 प्रचारक सहभागी होनेवाले है। इस वर्ग का स्वरूप प्रशिक्षणात्मक रहेगा।
यह जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री सुनील आंबेकर ने प्रेस वक्तव्य में दीं उन्होंने बताया कि यह अखिल भारतीय वर्ग प्रति 4-5 वर्ष में एक बार आयोजित होता है।
वर्ग में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत , एवं सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले सहित संघ के सभी सहसरकार्यवाह तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे।
वर्ग में अपेक्षित यह सभी कार्यकर्ता समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीयता के भाव से समाज हित में सक्रिय रहते हैं।यह मज़दूर, किसानों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक एवं ग्रामीण, वनवासी , शहरी क्षेत्र में कार्य पर चर्चा करेंगे ।