जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 खत्म होने के बाद सियासी तकरार और हंगामे के बीच घाटी बकरीद का जश्न पूरे हर्षोल्लास के साथ जारी है । कश्मीर समेत देशभर में आज बकरीद या ईद-अल-अजहा मनाया जा रहा है। नमाज के दौरान राज्य में लगीं पाबंदियों में ढील भी दी गई और राज्य में शांतिपूर्वक नमाज का कार्यक्रम हुआ। इस बीच खुफिया सूत्रों के हवाले से ऐसी आशंका जताई गई है कि राज्य में जैश-ए-मोहम्मद के 7 आतंकी घुस गए हैं। ऐसे में सुरक्षाबलों के लिए शांति बनाए रखना और आम लोगों को महफूज रखना बड़ी चुनौती है। इधर, प्रशासन ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए अलग-अलग इलाकों की स्थानीय मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए इजाजत तो दे दी है लेकिन घाटी की बड़ी मस्जिदों में ज्यादा संख्या में लोगों को इजाजत नहीं है। नियमों में ढील
बता दें कि कश्मीर में ईद-उल-अजहा से पहले रविवार को बैंक, एटीएम और कुछ बाजार खुले रहे। कई प्रतिबंधों में ढील भी दी गई ताकि लोगों को त्योहार से जुड़ी खरीदारी करने में आसानी हो। प्रशासन लोगों के लिए खाने-पीने के सामान के अलावा दूसरी जरूरी चीजों को उपलब्ध कराने और सोमवार को मस्जिदों में नमाज के लिए पूरी व्यवस्था करने में जुटा है। हालांकि, श्रीनगर में कुछ जगहों पर पथराव की खबरें आई हैं, जिससे ढील के बाद और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत हो गई है।
बड़ी मस्जिदों में भीड़ की इजाजत नहीं
उधर, प्रशासन ने सोमवार को अलग-अलग इलाकों की स्थानीय मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए इजाजत तो दे दी है लेकिन घाटी की बड़ी मस्जिदों में ज्यादा संख्या में लोगों को इजाजत नहीं है। प्रशासन को शक है कि आसमाजिक तत्व बड़ी भीड़ का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। गौरतलब है कि आर्टिकल 370 के ज्यादातर प्रावधानों को संसद द्वारा निरस्त किए जाने के बाद बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रतिबंधों और संचार संपर्क सीमित किए जाने के कारण कश्मीर घाटी में त्योहार की चहल-पहल नजर नहीं आ रही है।
कश्मीर में कई जगह नमाज
इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में लोगों ने नमाज पढ़ी। सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था के साथ लोग सड़कों पर निकले और नमाज पढ़ी। घाटी में शांति के साथ नमाज पढ़ी गई। इस दौरान सुरक्षाबलों के जवान हर तरफ तैनात थे।