केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने लिया तैयारियों का जायजा
देर रात 12 बजे तक मिले नागरिकों से
,ग्वालियर./डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ही नहीं पूरे देश के लिये ग्वालियर उदाहरण बनने जा रहा है। भारत के माननीय उप राष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू शनिवार, 29 सितम्बर को ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल के 76 सरकारी स्कूलों में 100 डिजिटल कक्षाओं का शुभारंभ करेंगे।
“मेरा स्कूल डिजिटल स्कूल” नाम से आयोजित यह शुभारंभ कार्यक्रम इस दिन प्रात: 11 बजे यहाँ मेला परिसर स्थित फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित होगा।
ग्वालियर के सांसद व केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर की पहल पर मुस्कान फाउण्डेशन और हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के सहयोग से ग्वालियर जिले में ये एक सैंकड़ा डिजिटल क्लास स्थापित होने जा रहे हैं। मालूम हो प्रदेश का पहला डिजिटल क्लासरूम भी श्री तोमर की पहल पर उनके द्वारा गोद लिए गाँव (सांसद आदर्श ग्राम योजना) चीनौर में गत वर्ष शुरू हुआ था, जो सफलतापूर्वक सूचना तकनीक के माध्यम से ग्रामीण बच्चों को कम्प्यूटरयुक्त आधुनिक शिक्षा में पारंगत कर रहा है।
शनिवार को फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित होने जा रहे ग्रामीण डिजिटल स्कूल के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे।
जिले के जिन 76 सरकारी स्कूलों में एक सैंकड़ा डिजिटल क्लास शुरू होने जा रहे हैं, उनमें 42 हाईस्कूल, 23 हायर सेकेण्ड्री व 11 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने लिया तैयारियों का जायजा
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को शाम तथा देर रात 11.30 बजे फैसिलिटेशन सेंटर पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आ रहे सभी प्रतिभागियों से आग्रह है कि वह समय से फैसिलिटेशन सेंटर पहुँच जाएँ, जिससे उप राष्ट्रपति की गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित हो सके। उन्होंने खासकर बच्चों के लिए पेयजल व स्वल्पाहार की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को कहा। बाद में उन्होंने मेला कार्यालय के सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों को विस्तारपूर्वक समझा। निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त श्री बी एम शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक श्री अंशुमान यादव, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोहर वर्मा, कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा,एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा और मुस्कान फाउण्डेशन के प्रतिनिधि श्री अभिषेक दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।