मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने बुधवार को कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए विवादास्पद बयान मामले में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए। जबलपुर हाईकोर्ट के जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की बेंच ने इस मामले में खुद नोटिस लिया।
कोर्ट ने डीजीपी को 4 घंटे के अंदर FIR दर्ज करने और कार्रवाई करने को कहा। मंत्री के बयान के मामले में ग्रामीण डीआईजी निमेष अग्रवाल का कहना है कि फिलहाल हमारे पास आदेश नहीं आए हैं। आदेश आते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने कहा-
भारत की एकता अखंडता को खतरे में डालने का अपराध दर्ज करें। अगर FIR दर्ज नहीं की गई तो डीजीपी पर कोर्ट की अवमानना की कार्रवाई होगी। हाईकोर्ट ने कहा कि मंत्री विजय शाह का बयान सांप्रदायिकता को बढ़ाने वाला हैं।
मंत्री विजय शाह के बयान को लेकर हाईकोर्ट ने ये कहा
- हाईकोर्ट ने पाया कि प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) के तहत मंत्री के खिलाफ अपराध सिद्ध होते हैं।
- भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के तहत अपराध बनता है, जो भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्यों को अपराध घोषित करता है।
- BNS की धारा 192 के तहत भी प्रथम दृष्टया अपराध बनता है, जो धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा या जाति के आधार पर विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित है।
हाईकोर्ट ने कहा कि इस्लाम धर्म को मानने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन कहकर अपमानित करना उक्त धाराओं को आकर्षित करता है। कोर्ट ने डीजीपी को आज शाम तक मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। यदि डीजीपी ऐसा करने में चूक करते हैं, तो उनके खिलाफ अदालत की अवमानना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने रविवार को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहीं विवादास्पद बयान दिया था। हालांकि, मंगलवार को वीडियो वायरल हुआ। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताया था।
मंत्री विजय शाह ने दिया था विवादित बयान
विजय शाह ने बीते दिन ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपने बयान में कहा था, “आतंकियों ने कपड़े उतार-उतारकर हमारे हिंदुओं को मारा था. पीएम मोदी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने के लिए उनके घर भेजा.” मंत्री ने कहा, “अब पीएम मोदी कपड़े तो उतार नहीं सकते थे, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी. देश का मान-सम्मान और हमारी बहनों के सुहाग का बदला तुम्हारी जाति, समाज की बहनों को पाकिस्तान भेजकर बदला ले सकते हैं. उन्होंने कहा था घर में घुसकर मारूंगा, घर में घुसकर मारा.”
पटवारी ने दर्ज कराई एफआईआर
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि हमने मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि वह सशस्त्र बलों की वीरता को सलाम करते हैं, और उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश इस कठिन समय में सशस्त्र बलों के समर्थन में खड़ा है… मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने सेना के अधिकारियों और बहनों का अपमान किया… इस पर भाजपा चुप क्यों है? अगर उन्हें 24 घंटे के भीतर बर्खास्त नहीं किया गया, तो हम देश के सभी पुलिस थानों में कुंवर विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।