भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्यप्रदेश के जनजातीय मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयान ने मध्य प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। इस मामले में मंत्री विजय शाह को केन्द्रीय नेतृत्व से फटकार लगी है। इसके बाद उन्होंने माफी भी मांगी है। भाजपा के विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि, भाजपा हाईकमान ने इस मामले में मंत्री विजय शाह के साथ साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को भी फटकार लगाई है। केंद्रीय नेतृत्व ने दोनों नेताओं से कहा कि, मंत्री पर कार्रवाई करने में इतनी देरी क्यों? सूत्रों का कहना है इसके बाद भोपाल पहुँचते ही प्रदेश अध्यक्ष सी एम हाउस पहुंचे खबर लिखे जाने तक इस मामले को लेकर भोपाल में सरगर्मी तेज है इस बात की संभावना है कि पार्टी नेतृत्व रात्रि को ही मंत्री शाह का इस्तीफ़ा ले सकती है।
केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश नेताओं को चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि, भविष्य में यदि कोई नेता पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में कयास लगाए जा रहा है कि विजय शाह मंत्री पद से जल्द ही इस्तीफा दे सकते है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विजय शाह के बयान को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव को घेरा है। उन्होंने कहा कि जबलपुर हाई कोर्ट ने मंत्री विजय शाह पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री जी पूरे घटनाक्रम को लेकर चुप हैं। जैसा उनका नाम है, ‘मोहन’ जैसे ‘मौन’ हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में मंत्री विजय शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत को कार्यवाही में लिया है। सेना का अपमान कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।