Homeप्रमुख खबरेंकल ग्वालियर आएंगी भारत बांग्लादेश की टीमें, पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट कड़े...

कल ग्वालियर आएंगी भारत बांग्लादेश की टीमें, पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट कड़े दिशा निर्देश जारी

 

ग्वायिर / भारत और बांग्लादेश के बीच आगामी 6 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच के लिए भारत और बांग्लादेश की टीमें  2अक्टूबर को ग्वालियर पहुंच जाएंगी।

बांग्लादेश की टीम को सिटीसेंटर में होटल रेडिशन और भारत की टीम को नदी गेट स्थित होटल ऊषा किरण में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

दोनों ही टीमें 3 अक्टूबर से बारी बारी शंकरपुर स्थित स्टेडियम पर अभ्यास करेंगी। इस दौरान मीडिया को छोड़ किसी को भी मैदान में जाने की इजाजत नहीं होगी।

बांग्लादेश टीम के विरोध के मद्देनजर ग्वालियर का पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा  और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह से सक्रीय दिखाई दे रहा है एक और आज संभाग आयुक्त  मनोज खत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक में तमाम निर्देश  दिए। संभाग आयुक्त श्री खत्री एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना ने निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों, स्टेडियम में पहुँचने का समय एवं स्टेडियम परिसर में क्या-क्या लेकर नहीं जाना है, इसके बारे में पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार कराएँ।

मंगलवार को यहाँ संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार सगर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व श्री कुमार सत्यम, अपर जिला दण्डाधिकारी श्री टी एन सिंह तथा संबंधित एसडीएम एवं विभिन्न व्यवस्थाओं से संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

संभाग आयुक्त श्री खत्री ने इस अवसर पर निर्देश दिए कि जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर दर्शकों के आवागमन व पार्किंग व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाएँ। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि मैच शुरू होने से पर्याप्त समय पहले दर्शकगण स्टेडियम में पहुँच जाएँ और मैच समाप्ति के बाद जल्द से जल्द पार्किंग स्थल से अपने वाहनों को लेकर घर के लिये रवाना हो सकें। संभाग आयुक्त ने स्टेडियम के विभिन्न स्टैण्ड के हिसाब से पार्किंग स्थल तय करने की एसडीएम ग्वालियर सिटी, अपर आयुक्त नगर निगम श्री मुनीष सिकरवार व डीएसपी ट्रैफिक श्री अजीत चौहान को सौंपी है।
बैठक में संभाग आयुक्त श्री खत्री ने स्टेडियम की सभी गैलरी व पेवेलियन सहित सभी दीर्घाओं में एहतियात बतौर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था करने के साथ-साथ स्टेडियम परिसर में पर्याप्त एम्बूलेंस एवं ऑक्सीजन की सुविधा सहित अस्थायी अस्पताल स्थापित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उन्होंने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थलों व वहाँ से स्टेडियम की ओर सभी मार्गों पर मैच के दिन विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
संभाग आयुक्त एवं आईजी ने कहा कि दर्शकों की सुविधा व खासतौर पर सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। इस उद्देश्य से हर स्टैण्ड में वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाएँ।

दर्शकों के लिए नि:शुल्क बसों की व्यवस्था

भारत और बांगलादेश के बीच होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच के लिए जिन दर्शकों ने टिकिट लिए हैं, उनके लिए जिला प्रशासन द्वारा नि:शुल्क बसों की व्यवस्था की जा रही है। इन बसों के माध्यम से दर्शक स्टेडियम के नजदीक तक पहुँच सकेंगे और उन्हें अपने वाहन पार्क करने का झंझट भी नहीं रहेगा। बैठक में बताया गया कि शहर में वाहन कहां-कहां से उपलब्ध होंगे, इसके लिए स्थान तय किए जा रहे हैं, जिसकी सूचना समय रहते जारी की जायेगी।

 

पानी की बोतल, खाद्य पदार्थ व ज्वलनशील पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी

बैठक में एक बार फिर स्पष्ट किया गया कि स्टेडियम में आपत्तिजनक वस्तुएँ अर्थात ज्वलनशील पदार्थ जैसे माचिस, लाइटर, सिगरेट, बीड़ी व तम्बाकू इत्यादि लाने की अनुमति नहीं रहेगी। छोटे चाकू वाले छल्ले व पानी की बोतल इत्यादि लेकर आने पर भी प्रतिबंध रहेगा। साथ ही स्टेडियम में पानी की बोतल व बाहर से स्नैक्स इत्यादि खाद्य सामग्री लाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम के प्रत्येक स्टेण्ड (गैलरी) में स्नैक्स व फूड्स के पर्याप्त स्टॉल लगाए जायेंगे। हर गैलरी में नि:शुल्क आरओ के पेयजल की व्यवस्था भी रहेगी। प्रत्येक गैलरी में महिलाओं व पुरूषों के लिये अलग-अलग पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।

वाहनों की होगी गहन चैकिंग, जिन पर टिकिट होंगे वे ही स्टेडियम की ओर जा सकेंगे

बैठक में बताया गया कि टी-20 क्रिकेट मैच के दिन पुरानी छावनी चौराहा अर्थात ऋतुराज होटल, बहोड़ापुर, गोल पहाड़िया से स्टेडियम की ओर के तिघरा चौराहे इत्यादि पर गहन चैकिंग की जायेगी। यहाँ से बगैर टिकिट धारियों को आगे जाने की अनुमति नहीं रहेगी। मोतीझील पर एक बार पुन: चैकिंग होगी और केवल उन्हीं लोगों को आगे बढ़ने दिया जायेगा, जिनके पास मैच के टिकिट होंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि चार पहिया या दुपहिया वाहन में जितने लोग बैठे होंगे, उन सभी पर टिकिट होना चाहिए। यदि किसी पर टिकिट नहीं हुआ तो उसे स्टेडियम की ओर आगे नहीं जाने दिया जायेगा।

प्रभारी मंत्री सिलावट करेंगे मैच की समीक्षा 

/ जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट 2 अक्टूबर को जिले के दो दिवसीय प्रवास पर आयेंगे। श्सायंकाल 4 बजे शंकरपुर स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम पहुँचेंगे और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तथा एमपीसीए व जीडीसीए के अधिकारियों की बैठक लेकर भारत-बांगलादेश अंतर्राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट मैच की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद मुरार सर्किट हाउस पहुँचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments