उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू रविवार को कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद अपनी हैदराबाद यात्रा बीच में छोड़कर दिल्ली लौट आए। उन्होंने चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ कांग्रेस सहित सात विपक्षी दलों के महाभियोग के नोटिस पर कानूनविदों से चर्चा की है। कांग्रेस नेताओं ने सुबह करीब 11 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जो करीब 40 मिनट चली। उन्होंने कहा कि चीफ जस्टिस को अब न्यायिक काम से अलग हो जाना चाहिए, क्योंकि उनके खिलाफ महाभियोग नोटिस पर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके बाद उपराष्ट्रपति हैदराबाद से दोपहर नई दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली पहुंचते ही नायडू ने महाभियोग पर अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल, लोकसभा के पूर्व महासचिव सुभाष कश्यप, पूर्व विधि सचिव पीके मल्होत्रा आैर पूर्व विधायी सचिव संजय सिंह से कानूनी आैर संवैधानिक मुद्दों पर चर्चा की।उन्होंने राज्यसभा सचिवालय के अधिकारियों और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी से भी बात की। कांग्रेस और छह अन्य दलों ने शुक्रवार को सभापति को चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है। इस पर 71 सदस्यों के हस्ताक्षर हैं, जिनमें से सात सेवानिवृत्त हो चुके हैं।