मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह को रिसीव करने पहुंची एक कार का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ड्राइवर गाड़ी को सीधे प्लेटफॉर्म के अंदर ले गया। उस समय प्लेटफॉर्म पर काफी भीड़ थी। प्लेटफॉर्म में लगे सीसीटीवी कैमरों में कार का वीडियो कैद हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। जिसके बाद कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधा था। अब इस मामले को बढ़ता देख केंद्रीय मंत्री तोमर ने स्पष्टीकरण देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
बता दें कि मध्य प्रदेश के केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को रिसीव करने के लिए लोगों को चीरती हुई कार प्लेटफार्म के अंदर घुस आई थी। जिसके बाद मामले को बढ़ता हुआ देखकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा गलत आरोप लगाए हैं। मुझे नहीं मालूम है कि यह किसकी कार थी, मुझे इस घटना के बारे में कुछ भी नहीं पता है। गौरतलब है कि मंगलवार देर रात ग्वालियर के प्लेटफॉर्म पर अच्छी-ख़ासी आवाजाही थी। उसी दौरान एक एनोवा गाड़ी प्लेटफॉर्म में घुस आयी। इस प्लेटफॉर्म पर भोपाल एक्सप्रेस आने वाली थी।
भोपाल एक्सप्रेस में नरेंद्र तोमर केंद्रीय मंत्री आने वाले थे। 1 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन आयी। मंत्री महोदय ट्रेन से उतरे और सीधे गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी उन्हें लेकर रवाना हो गयी। वहीं, प्लटेफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कार का वीडियो कैद हो गया। ये वीडियो अब वायरल हो रहा है। बता दें कि जब इस बाबत विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों से बात की गई तो सभी चुप्पी साध गए और यह बताने को तैयार नहीं हुए कि कार किसे लेने आई थीं। हालांकि सूत्रों का कहना है कि रेलवे ने बाद में इस घटना की जांच कराए जाने की बात कही है।