झांसी 7 अगस्त 2026/उत्तरप्रदेश के कुख्यात माफिया रहे अतीक़ अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की गुरुवार को झांसी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई है.
पुलिस के मुताबिक़, यह हादसा कानपुर-झांसी हाइवे पर झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ.
हादसे में एक और शख्स की भी मौत हुई है और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
पूंछ थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने मीडिया से कहा, “इस सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. जबकि तीन लोग घायल हैं. घायलों का इलाज कराया जा रहा है.”
उन्होंने बताया, “एक तरफ़ बाइक और दूसरी तरफ़ जानवर आ गया, बाइक सवार को बचाने के लिए गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. गाड़ी पर आर्मी लिखा है. जिस समय कार डिवाइडर से टकराई उस समय कार काफी स्पीड में थी.”
झांसी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार ने बताया, “सड़क हादसे में अबान अहमद नाम के युवक की मौत हुई है, जिसे अतीक़ अबमद का बेटा बताया जा रहा है. ये जेल में बंद भाई से मिलने झांसी जा रहे थे, इनके नाम से जेल में पर्ची कटी है.”
अतीक़ अहमद की 15 अप्रैल 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय तीन हमलावरों ने उनकी और उनके भाई अशरफ़ की गोली मारकर हत्या कर दी थी.