Live: पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिल्ली स्थित निवास पर स्व राजमाता माधवी राजे सिंधिया की पार्थिव देह के दर्शन कर उनके चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा सक्रिय राजनीति में न होकर भी उन्होंने सदैव ग्वालियर की जनता की चिंता की और श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी को सहारा दिया।ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।


Live: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के अधिकृत मीडिया पर्सन द्वारा स्व माधवी राजे सिंधिया के ग्वालियर में अंतिम संस्कार से संबंधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यक्रम इस प्रकार है।

Live: मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माताजी श्रीमती माधवी राजे सिंधिया के दुःखद निधन पर शोक व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माता जी के निधन पर शोक जताते हुए कहा की यह घटना हमारे लिए हृदय विदारक है।
Live : अंतिम संस्कार हेतु शोकाकुल माहौल में अम्मा महाराज की छतरी पर परंपरागत तैयारियां शुरू,पति स्व माधवराव सिंधिया की छतरी के पीछे होगा अंतिम संस्कार

Live : अंतिम संस्कार में नेपाल राजघराने सहित भारत के बड़ौदा स्टेट और सिंधिया राजपरिवार से निकटता रखने वाली तमाम दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल
Live: कल पैतृक मुक्तिधाम अम्मा महाराज की छतरी में होगा अंतिम संस्कार
Live: सिंधिया आवास पर मध्यप्रदेश, दिल्ली से जुड़े अनेक शुभचिंतकों की भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई गई
Live : माधवीराजे की पार्थिव देह को एम्स से दिल्ली के सिंधिया विला लाया गया
ग्वालियर/ दिल्ली/लंबे समय से बीमार चल रहीं ग्वालियर सिंधिया राजपरिवार की सदस्य और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां श्रीमती माधवी राजे सिंधिया का देहांत हो गया है।उन्होंने सुबह 9.28 बजे अंतिम सांस ली.
वे पिछले एक माह से अधिक समय से वेंटीलेटर पर थीं। मधुमेह जन्य बीमारियों के चलते माधवी राजे का पिछले तीन महीने से दिल्ली के प्रमुख अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह निमोनिया के साथ-साथ सेप्सिस से भी पीड़ित थीं.
आज उनकी हालत बहुत बिगड़ गई और एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके गंभीर रूप से बीमार होने के बाद से सिंधिया परिवार दिल्ली में उनके पास ही था। लोकसभा चुनाव के दौरान ही ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी और पुत्र पुत्री चुनाव प्रचार बीच में ही छोड़कर दिल्ली पहुंच गए थे।
जानकारी के मुताबिक माधवी राजे सिंधिया की पार्थिव देह को कल गुरुवार को विशेष विमान से ग्वालियर लाया जा रहा है यहीं कटोरताल मार्ग पर अम्मा महाराज की छतरी स्थित पैतृक मुक्तिधाम में शाम 4 बजे अंतिम संस्कार होगा इससे पूर्व 12.30 बजे से 2.30 तक उनकी पार्थिव देह को जयविलास में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा ।
उल्लेखनीय है कि सिंधिया राजपरिवार में विवाह से पूर्व मूलतः नेपाल राजघराने से ताल्लुक रखने वालीं माधवी राजे सिंधिया किसी पहचान की मोहताज नहीं थीं। इनके, शाही परिवार का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। माधवी राजे के पिता जुद्ध शमशेर जंग बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री रहे । माधवी राजे को विवाह से पूर्व ‘प्रिंसेज किरण राज्य लक्ष्मी देवी’ के नाम से भी जाना जाता था। 1966 में नेपाल राजघराने की राजकुमारी माधवी राजे की ग्वालियर रियासत के अंतिम शासक महाराजा जीवाजीराव सिंधिया के पुत्र माधवराव सिंधिया के साथ शादी हुई थी। राजमाता विजयाराजे सिंधिया के निधन पश्चात माधवी राजे सिंधिया को सिंधिया राजवंश की राजमाता की पदवी प्रदान की गई थी। उनके निधन के समाचार से सिंधिया राजपरिवार में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। सिंधिया की दोनों बुआ यशोधरा राजे और वसुंधरा राजे सिंधिया भी यहां पहुंच रही हैं।