HomeBreakingकोरोना से अंतिम जंग की शुरुआत का ऐलान कुछ देर में करेंगे...

कोरोना से अंतिम जंग की शुरुआत का ऐलान कुछ देर में करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (16 जनवरी) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोनावायरस के वैक्सीनेशन की शुरुआत करेंगे। सभी 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (UT) की 3006 साइट्स पर एकसाथ यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। पहले फेज में हेल्थवर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण होगा। पहले दिन हर साइट पर कम से कम 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी।

ग्वालियर में भी पूरी तैयारी

ग्वालियर में भी देश का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान आज से प्रारंभ होगा ,जिले में 6 केन्द्रों पर होगा वैक्सीनेशन सुबह से ही यहां हलचल तेज है सभी केन्द्रों को त्यौहारों की तरह सजाया गया है
कलेक्टर ने भी जयारोग्य सहित इन केंद्रों पर पहुँचकर टीकाकरण केन्द्र का  निरीक्षण किया

कोविड-19 वैक्सीन का महा टीकाकरण अभियान अब कुछ देर म प्रारंभ होगा। विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सम्पूर्ण देश की भाँति ग्वालियर में भी समारोहपूर्वक प्रारंभ किया जायेगा। प्रात: 10 बजे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी महाटीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे और देशवासियों को संबोधित भी करेंगे। ग्वालियर जिले में 6 स्थानों पर टीकाकरण अभियान के तहत टीकाकरण किया जायेगा। प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जायेगा।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शुक्रवार को जेएएच चिकित्सा समूह में बनाए गए टीकाकरण केन्द्र का अवलोकन किया और टीकाकरण की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। टीकाकरण केन्द्र को गुब्बारों एवं फूल-मालाओं से सजाया गया है। सभी 6 केन्द्रों को त्यौहार की तरह सजाकर तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री के उदबोधन के पश्चात टीकाकरण प्रारंभ होगा। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा है कि टीकाकरण व्यवस्थित रूप से हो, इसके लिये सभी तैयारियां की जाएँ। टीकाकरण के दौरान जो सावधानियां बरतने के निर्देश शासन स्तर से प्राप्त हुए हैं उनका अक्षरश: पालन भी सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने यह भी बताया कि जिले में कोविड-19 की वैक्सीनेशन के लिये अपर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही सभी टीकाकरण केन्द्रों पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की उपस्थिति में टीकाकरण की व्यवस्थायें की जायेंगीं।
अधीक्षक जेएएच डॉ. आर एस धाकड़ ने बताया कि जेएएच अस्पताल में कोविड-19 के वैक्सीन लगाने की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का वैक्सीनेशन किया जायेगा। वैक्सीनेशन के दौरान वैक्सीन लगवाने वाले सभी लोगों का चिन्हांकन कर लिया गया है। इसके साथ ही केन्द्र पर सुरक्षा की दृष्टि से सभी चिकित्सीय उपाय भी सुनिश्चित किए गए हैं। इमरजेंसी के लिये एक वार्ड भी तैयार किया गया है। जिसमें ऑक्सीजन सहित अन्य सभी दवायें व उपकरण रखे गए हैं। केन्द्र पर ही एक एम्बूलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। किसी भी प्रकार से घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी टीकाकरण केन्द्रों पर चिकित्सकों और मैदानी चिकित्सकीय अमले को भी तैनात किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि जिले में 6 स्थानों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इनमें गजराराजा चिकित्सा समूह ग्वालियर, जिला चिकित्सालय मुरार, सिविल अस्पताल डबरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भितरवार, एयरफोर्स ग्वालियर तथा एम.एच. मुरार मिलिट्री हॉस्पिटल शामिल है। टीकाकरण मंगलवार, बुधवार व रविवार को छोड़कर किया जायेगा। प्रथम चरण में सभी स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने के बाद अन्य फ्रंट लाईन वर्करों को वैक्सीन लगाई जायेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments