खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने पूरे मैच के दौरान मौजूद रहकर किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश की लड़कियों की हॉकी टीम का विजय अभियान जारी है। प्रातःकाल खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया की मौजूदगी में यहाँ कंपू खेल परिसर स्थित हॉकी अकादमी में खेले गए सेमी फाइनल मैच में मध्यप्रदेश की गर्ल्स टीम ने पूरे मैच के दौरान दबाव बनाए रखकर हरियाणा की टीम पर 2-0 से विजयश्री हासिल की।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने मैच शुरू होने से पहले दोनों टीम की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह भी मौजूद थे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया मैच के आरंभ से अंत तक खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा सालों की मेहनत से खेलों के लिए तैयार हुई उत्कृष्ट अधोसंरचना व खेल सुविधाओं की बदौलत मध्यप्रदेश को प्रतिष्ठित खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी मिली है। उन्होंने कहा साई (स्पोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) सहित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेने आए खिलाड़ियों, कोच व ऑफिशियल्स ने मध्यप्रदेश में मिली सुविधाओं की सराहना की है। खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा मध्यप्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार लगातार जारी रहेगा।