Homeमध्यप्रदेशगोडसेवादी बाबूलाल की कांग्रेस में एंट्री बनी भस्मासुर थमने का नाम नहीं...

गोडसेवादी बाबूलाल की कांग्रेस में एंट्री बनी भस्मासुर थमने का नाम नहीं ले रहा विरोध

ग्वालियर /हिंदू महासभा कार्यकर्ता बाबूलाल चौरसिया को कांग्रेस में शामिल करने पर विवाद शांत होते नहीं दिख रहा है। एक तरफ कांग्रेस में ही फूट पड़ती दिख रही है। वहीं हिंदू महासभा भी कांग्रेस पर हमलावर हो गई।

गोडसे भक्त बाबूलाल चौरसिया की कांग्रेस में एंट्री अब कांग्रेस नेतृत्व के लिए गले की फांस बनती जा रही है। रविवार को फूलबाग पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को गंगाजल से नहला कर कांग्रेसियों ने शुद्धिकरण किया। एक दिन पहले बाबूलाल चौरसिया यहां पुष्प अर्पित कर गए थे। कांग्रेसियों का कहना है कि गोडसे भक्त के कांग्रेस में कदम रखने के बाद यह शुद्धिकरण जरूरी है। इस मौके पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर बाबूलाल को वापस भेजो के नारे लगाते हुए निष्कासित करने की मांग की है। यह प्रदर्शन प्रदेश सचिव रूपेश यादव के नेतृत्व में किया गया है। रूपेश पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव के करीबी माने जाते हैं।

हिंदू महासभा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी व मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पत्र लिखे हैं।

पत्र में हिंदू महासभा ने कहा है कि अब कांग्रेस में किसी की आस्था नहीं बची है। इसलिए कांग्रेस का नाम बदलकर गोडसेवादी कांग्रेस रख दिया जाना चाहिए। आम आदमी कांग्रेस में शामिल नहीं होना चाहता है।यह बात साबित होती है बाबूलाल चौरसिया को गांधीवादी कांग्रेस में शामिल करने से। बाबूलाल ने ग्वालियर में गोडसे का मंदिर स्थापित किया था, इसलिए कांग्रेस कार्यालय में नाथूराम गोडसे का चित्र भी लगा लेना चाहिए। ये सभी पत्र हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जोशी के नाम से लिखे गए हैं।

दौलतगंज स्थित हिंदू महासभा के कार्यालय से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयवीर भारद्वाज ने बताया कि नाथूराम गोडसे के मंदिर की स्थापना में मुख्य रूप से भूमिका निभाने वाले हिंदू महासभा को नेता बाबूलाल को पार्टी में शामिल करके कांग्रेस ने बता दिया है कि अब आम आदमी कांग्रेस में जाना नहीं चाहता है। इसलिए अब अखिल भारतीय कांग्रेस का नाम बदलकर गोडसेवादी कांग्रेस कर देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने बाबूलाल चौरसिया के बयानों का भी खंडन किया है, जिसमें उन्होंने धोखे से गोडसे की पूजा कराने की बात कही थी। उनका कहना था कि हर कार्यक्रम में वह सबसे आगे रहते थे।

बाबूलाल की पत्नी को किया निष्कासित
जयवीर भारद्वाज ने बताया कि बाबूलाल चौरसिया ने हिंदू महासभा के साथ धोखा कर कांग्रेस की सदस्यता ली है। उन्हें पहले ही हटा चुके हैं। साथ ही इस मामले में बाबूलाल चौरसिया की पत्नी भगवती देवी को भी 2 साल के लिए हिंदू महासभा के संयोजिका पद से निष्कासित किया जा रहा है।

कांग्रेस में गांधी v/s गोडसे विचारधारा को लेकर खेमेबाजी
हिंदू महासभा के नेता बाबूलाल चौरसिया की कांग्रेस में एंट्री का विवाद अब खेमेबाजी में बदल गया है। पार्टी में दो खेमे बन गए हैं। एक चौरसिया के पक्ष में है, दूसरा खिलाफ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, लक्ष्मण सिंह के बाद दूसरे गुट में शनिवार को पार्टी नेता मानक अग्रवाल भी जुड़ गए। अग्रवाल बोले, ‘कमलनाथ बताएं कि वे गांधीवादी विचारधारा के साथ हैं या गोडसे की।’ वहीं विवाद के बीच मप्र के दौरे पर आए प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा है- कांग्रेस हमेशा से ही महात्मा गांधी के दिखाए सिद्धांतों पर काम करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments