बोले- मेरे पूर्वज माधवराव सिंधिया ने बनवाई थी समाधि जयविलास पैलेस मराठा गैलरी में भी लक्ष्मीबाई की स्मृति को कर चुके हैं स्थापित
ग्वालियर, 19 नवंबर 2026/ 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की अमर नायिका और अदम्य साहस एवं शौर्य की प्रतीक वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्वालियर स्थित महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने पूर्वज महाराजा माधवराव सिंधिया के योगदान का उल्लेख किया।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संदेश में लिखा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाली महान वीरांगना की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पूज्य पूर्वज महाराजा माधवराव सिंधिया ने ग्वालियर में उनकी समाधि बनवाई थी।
सिंधिया के इस संदेश ने एक बार फिर ग्वालियर के इतिहास और वीरांगना लक्ष्मीबाई की स्मृतियों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। महारानी लक्ष्मीबाई का ग्वालियर से गहरा ऐतिहासिक संबंध रहा है। वर्ष 1858 में अंग्रेजी सेना के विरुद्ध संघर्ष करते हुए उन्होंने ग्वालियर की धरती पर वीरगति प्राप्त की थी। उनकी शहादत आज भी देशवासियों के लिए साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है।
जयविलास पैलेस में भी स्थापित कर चुके हैं गैलरी
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा में शामिल होने के बाद जयविलास पैलेस की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक 16 अक्टूबर 2023 को अमित शाह द्वारा ‘गाथा स्वराज की’ मराठा गैलरी का उद्घाटन जयविलास पैलेस स्थित म्यूजियम में किया गया था इसमें भी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की स्मृति को जीवंत रखा गया था । इसके साथ ही सिंधिया स्वयं भी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं।
ग्वालियर की धरती से जुड़ी है वीरांगना की अमर गाथा
महारानी लक्ष्मीबाई का बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीरता को कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान ने अपनी कालजयी पंक्तियों में अमर कर दिया है—
“खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।”
जयंती के अवसर पर देशभर में वीरांगना को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। उनका जीवन आज भी नई पीढ़ी को देशप्रेम, संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान का संदेश देता है।