इंदौर। मध्य प्रदेश के हाई प्रोफाइल हनी ट्रैप मामले में खुलासा हुआ है कि यह रैकेट कमलनाथ सरकार गिराने के लिए विधायकों को हनी ट्रैप के जाल में फंसा रहा था। इसके लिए पूरे प्रदेश में लड़कियां भेजी गईं थीं। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि उज्जैन की लड़की को ग्वालियर भेजा गया था। करीब 19-20 साल की इस लड़की को सिंधिया समर्थक विधायकों से दोस्ती करने का टारगेट दिया गया था। हालांकि इस खबर की पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर इंदौर पुलिस आरती और मोनिका को लेकर बीती रात होटल इनफिनिटी पहुंची। वहां 10-15 मिनट तक रिसेप्शन के सारे रिकॉर्ड खंगाले। इस होटल में 30 अगस्त को आरती के नाम से रूम नंबर 414 बुक किया गया था। इसका बिल लगभग 4000 रुपए बना था। पुलिस ने बतौर सबूत बुकिंग के दौरान दिए गए आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के जब्त कर लिए। इस दौरान एक और महिला छतरपुर की रूपा अहिरवार का भी होटल में रुकना पाया गया। माना जा रहा है कि रूपा अहिरवार को बुंदेलखंड के विधायकों का काम सौंपा गया होगा।