भिंड सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद ने चम्बल क्षेत्र – मुरैना में सैनिक स्कूल खोले जाने की घोषणा का स्वागत किया है| उन्होंने मुख्य मंत्री श्री शिवराज सिंह एवं केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि इस से चम्बल के वीर सपूतों को सेना में अफसर बनने का अवसर मिलेगा|
उल्लेखनीय है की लगभग डेढ़ सौ वर्षों से भिंड – मुरैना के युवा भारतीय सेना में सिपाही बनकर देश की सीमाओं की वीरता पूर्वक रक्षा कर रहे हैं| चम्बल के इन वीरों ने अपने अद्भुत शौर्य एवं बलिदान से राष्ट्र को गौरवान्वित किया है|यहाँ के युवाओं की तमन्ना रही है कि वे सेना में अफसर बनकर जाएँ| गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के आभाव में उनका यह सपना अधूरा ही रहा है| यह सैनिक स्कूल चम्बल के ऊर्जावान एवं मेधावी छात्रों को सेना में अफसर तथा भारत सरकार में उच्च पदों पर अपनी सेवायें देने के लिए सक्षम बनाएगा|
यह सैनिक स्कूल एक आवासीय विद्यालय होगा| अतः इसमें भिंड एवं मुरैना के साथ ही पूरे मध्य प्रदेश के छात्रों को प्रवेश मिलेगा| इसमें 67 प्रतिशत मध्य प्रदेश के छात्रों का आरक्षण होगा शेष अखिल भारतीय प्रतियोगिता से बच्चों को प्रवेश मिलेगा| भिंड एवं मुरैना के छात्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के इस केंद्र से विशेष रूप से प्रेरित एवं लाभान्वित होंगे|