मुरैना में जहरीली शराब पीकर मरने वालों की संख्या अब 20 पर पहुंच गई है। मंगलवार रात 1 बजे तक 16 लोगों की मौत हो चुकी थी। बुधवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच सिर्फ एक घंटे में चार ने दम तोड़ दिया। जिनमें 22 वर्षीय विकास आर्गल, 55 वर्षीय कालीचरण कुशवाह और 50 वर्षीय पवन राठौर है। अभी 20 घायल मुरैना-ग्वालियर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। मुरैना पर जहरीली शराब का कलंक लग चुका है। जिला आबकारी अधिकारी जावेद अहमद को मंगलवार निलंबित कर दिया गया था। मुरैना कलेक्टर अनुराग वर्मा और एसपी अनुराग सुजातिया को हटा दिया गया है।
बुधवार सुबह तीन की मौत के बाद तत्काल प्रशासन और पुलिस फिर हरकत में आ गई है। सबसे पहले शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बुधवार सुबह फिर हंगामा खड़ा हो गया है। परिजन पहले एम्बुलेंस से शव ले जाने को तैयार नहीं थे। प्रशासन की 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी नहीं ले रहे थे। उनकी मांग थी कि 20-20 लाख रुपए और परिवार में किसी को नौकरी दी जाए। प्रशासन व पुलिस को समझाने और आश्वासन के बाद लोग माने।