यूपी में भाजपा की जीत के बाद 20 साल तक विपक्षी दलों का सफाया होने का दावा, शराब नीति पर शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की
ग्वालियर, 25 नवंबर 2026/मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने चुनाव लड़ने और टिकट को लेकर दो टूक अंदाज में अपनी बात रखी। ग्वालियर में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना है या नहीं, यह फैसला वह खुद करती हैं। टिकट के सवाल पर उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा, “किसकी औकात है जो मुझे टिकट दे। मैं खुद तय करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं।”
वृंदावन से भोपाल जाते समय ग्वालियर में अल्प प्रवास के दौरान उमा भारती ने प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े कई सवालों पर अपनी राय रखी।
यूपी में भाजपा की जीत पर बड़ा दावा
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उमा भारती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार भाजपा जीत गई तो अगले 20 साल तक सभी पार्टियों का सफाया हो जाएगा। उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में भाजपा के प्रति उनके विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
शराब नीति पर शिवराज की तारीफ
मध्यप्रदेश में शराबबंदी और शराब नीति के सवाल पर उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने बहुत अच्छी शराब नीति बनाई थी। उस नीति में उन्होंने एक-एक कॉमा लगाया था।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरपंच से लेकर विधायक और सांसद तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने शराबबंदी के लिए ईमानदारी से अपनी भूमिका नहीं निभाई। पुलिस हर जगह नहीं पहुंच सकती, इसलिए शराबबंदी के अभियान में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
राजीव गांधी की हत्या पर कांग्रेस से मांगा जवाब
सोनिया गांधी की पुस्तक में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या और उनकी सुरक्षा हटाए जाने से जुड़े सवाल पर उमा भारती ने कहा कि उस समय चंद्रशेखर की सरकार थी और उसे कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था। ऐसे में इस मामले में कांग्रेस से ही पूछा जाना चाहिए कि साजिश किसकी थी।
ग्वालियर में उमा भारती के इन बयानों ने चुनावी राजनीति, उत्तर प्रदेश में भाजपा की संभावनाओं और मध्यप्रदेश की शराब नीति को लेकर राजनीतिक चर्चाओं को फिर गर्म कर दिया है।