प्रवीण दुबे
आस्था के दीप पर सियासत का अंधेरा, क्या सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से भी ऊपर है सरकार?
एक तरफ हमारे देश के कुछ राजनीतिक दल और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश ही नहीं विदेश तक में मोदी सरकार पर संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाते हैं वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु में उनकी सहयोगी सरकार मंदिर पर दीप जलाने के मामले में इतनी हठधर्मिता पर उत्तर आई कि देश के सर्वोच्च अदालत के आदेश को भी दरकिनार कर दिया गया क्या अब नहीं हो रहा संविधान का उल्लंघन क्या सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से भी ऊपर है सरकार ?
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की कथित अवहेलना, 500 श्रद्धालुओं की गिरफ्तारी और हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती ने तमिलनाडु सरकार की कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल
भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान सर्वोच्च है और संविधान के तहत सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करना प्रत्येक सरकार और प्रशासन की अनिवार्य जिम्मेदारी है। लेकिन तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर जो घटनाक्रम सामने आया है, उसने सरकार की संवैधानिक जवाबदेही और न्यायपालिका के सम्मान को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।
मामला केवल एक धार्मिक दीप जलाने या न जलाने का नहीं है। सवाल यह है कि जब देश की सर्वोच्च अदालत किसी मामले में स्पष्ट निर्देश देती है, तो क्या कोई राज्य सरकार अपनी प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक परिस्थितियों का हवाला देकर उस निर्देश की अनदेखी कर सकती है?
तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित प्राचीन दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद मंगलवार को प्रशासन ने निर्धारित पत्थर के स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित करने के बजाय परंपरागत दीप मंडपम में ही दीप जलाया। यदि न्यायालय के निर्देश का यही आशय था, तो प्रशासन की यह कार्रवाई सीधे तौर पर न्यायिक आदेश के अनुपालन पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
इस घटनाक्रम का दूसरा चिंताजनक पहलू श्रद्धालुओं और प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार लगभग 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे क्षेत्र में 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। भाजपा नेताओं को हिरासत में लेने की खबरें भी सामने आईं। मदुरै जिले में निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी।
आखिर एक धार्मिक आयोजन को लेकर ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई कि श्रद्धालुओं और प्रशासन के बीच टकराव की नौबत आ गई? क्या सरकार संवाद और संवैधानिक रास्ते से इस विवाद का समाधान नहीं निकाल सकती थी?
तमिलनाडु की जोसेफ विजय सरकार को यह समझना होगा कि सत्ता का अधिकार संविधान से मिलता है और उसी संविधान के अंतर्गत न्यायपालिका के आदेशों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है। न्यायालय के आदेश का पालन करना किसी राजनीतिक दल, धार्मिक संगठन या विचारधारा के प्रति समर्थन नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था के प्रति निष्ठा है।
सरकार के सामने यदि कानून-व्यवस्था या सुरक्षा से जुड़ी कोई वास्तविक बाधा थी, तो उसे न्यायालय के समक्ष स्पष्ट करना चाहिए था। न्यायिक निर्देशों के क्रियान्वयन में कठिनाई होने पर न्यायालय से स्पष्टीकरण या उचित संशोधन मांगने का रास्ता उपलब्ध है। लेकिन आदेश की अवहेलना का आरोप लगने वाली स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं है।
यह भी उतना ही आवश्यक है कि इस विवाद को हिंदू बनाम अन्य धर्म या बहुसंख्यक बनाम अल्पसंख्यक का रूप न दिया जाए। धार्मिक स्थलों की मर्यादा, सभी समुदायों की भावनाओं और कानून-व्यवस्था का सम्मान होना चाहिए। किसी भी दरगाह या मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाए बिना न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
श्रद्धालुओं को भी शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है। यदि किसी ने कानून तोड़ा है तो उसके विरुद्ध निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल विरोध या धार्मिक भावना व्यक्त करने के कारण किसी को प्रताड़ित करना भी उचित नहीं है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल तमिलनाडु सरकार की जवाबदेही का है। न्यायपालिका के आदेशों की पालना सुनिश्चित करना सरकार का विकल्प नहीं, संवैधानिक दायित्व है। यदि सरकार को किसी आदेश पर आपत्ति है तो उसका समाधान न्यायिक प्रक्रिया में है, न कि प्रशासनिक शक्ति के इस्तेमाल में।
दीपक आस्था का प्रतीक है, लेकिन लोकतंत्र में न्याय और संविधान की मर्यादा उससे भी बड़ा प्रकाशस्तंभ है। तिरुप्परनकुंद्रम की पहाड़ी पर दीप जले या न जले, यह विवाद अंततः न्यायिक आदेशों के सम्मान, धार्मिक स्वतंत्रता और सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी की कसौटी बन चुका है। सरकार को चाहिए कि वह टकराव का रास्ता छोड़कर न्यायालय के निर्देशों का सम्मान करे और श्रद्धालुओं की भावनाओं का समाधान संवैधानिक मर्यादाओं के भीतर निकाले।
सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन संविधान और न्यायपालिका की प्रतिष्ठा लोकतंत्र की स्थायी ताकत है।