ग्वालियर, 24 नवंबर 2026। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक व पहाड़ी स्थलों पर हो रही अवैध डंपिंग को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा मांडरे की माता क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य किया गया है। इस कार्य के साथ ही इन कैमरों का ‘गो-लाइव’ भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे अब इस पूरे मार्ग की लाइव निगरानी शुरू हो गई है। दरअसल, ग्वालियर स्मार्ट सिटी और नगर निगम प्रशासन को लगातार यह शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य वाहन मांडरे की माता मार्ग से होकर गुजरते हैं और कैंसर पहाड़िया क्षेत्र में चोरी-छिपे कचरा व निर्माण मलबे की अवैध डंपिंग कर रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए नगर निगम आयुक्त एवं ग्वालियर स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री टी. प्रतीक राव के विशेष निर्देशन में मांडरे की माता पर यह निगरानी व्यवस्था स्थापित की गई है, ताकि इस क्षेत्र के साथ-साथ यहाँ से होकर कैंसर पहाड़िया की ओर जाने वाले अवैध डंपिंग वाहनों पर भी प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।
श्री राव ने जानकारी देते हुये बताया कि कैमरों के गो-लाइव होने के बाद अब ग्वालियर स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से इस पूरे क्षेत्र और आवागमन करने वाले वाहनों की चौबीसों घंटे सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इस आधुनिक निगरानी व्यवस्था के शुरू होने से मांडरे की माता और कैंसर पहाड़िया दोनों ही क्षेत्रों में अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने में मदद मिलेगी, क्योंकि कैमरों की लाइव फीड के माध्यम से कचरा या मलबा लेकर जाने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों की तुरंत पहचान की जा सकेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के नंबर ट्रेस कर संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध तत्काल चालानी और जब्ती की सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्री राव ने बताया कि इस पहल से मांडरे की माता मार्ग, कैंसर पहाड़िया और आसपास के समूचे क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। अनधिकृत डंपिंग बंद होने से हरित और पहाड़ी क्षेत्र में गंदगी व धूल-प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी और पूरा इलाका स्वच्छ व सुंदर बना रहेगा। साथ ही, सड़क किनारे मलबा और कचरा जमा न होने से यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुरक्षित रहेगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थान पर ही कचरे और मलबे का निस्तारण करें, क्योंकि अब इस मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन पर कंट्रोल कमांड सेंटर से सीधी नजर रखी जा रही है।