ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा भाजपा की सदस्यता लेने के पश्चात पिछले तीन दिनों में कुछ अजीबोगरीब रंग देखने को मिल रहे हैं। एकतरफ जहां भाजपा और राजमाता विजयाराजे सिंधिया के बीच के गहरे रिश्ते स्मृतियों में
जीवंत हो रहे हैं व उनकी चर्चा भी खूब हो रही हैं तो दूसरी ओर कुछ दिल को छू लेने वाले प्रसंग भी देखने को मिल रहे हैं। सबसे बड़ा बदलाव तो सिंधिया राज परिवार के
महल जयविलास के वातावरण में महसूस किया जा रहा है। यहां अब कांग्रेस अपनी जगह खो चुकी है और चौतरफा भाजपा ही भाजपा नजर आ रही है। जिस समय ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा में आने का निर्णय लिया
उसी समय से सर्वाधिक प्रसन्नता कहीं दिखाई दे रही है तो वह है उनकी बुआ यशोधरा राजे के मुख पर वे बेहद उत्साह के साथ भतीजे के भाजपा में आगमन को घर
वापसी बता रही हैं। उधर भाजपा भी उत्साहित है पार्टी अध्यक्ष नड्डा से लेकर अमित शाह तक और फिर आज भोपाल में राज्यसभा के नामांकन दाखिल करते समय प्रदेश भाजपा का पूरा शीर्ष नेतृत्व ज्योतिरादित्य के साथ प्रसन्न दिखाई दिया। इस अवसर पर कई भावुक कर देने वाली तस्वीरें भी सामने आईं। सबसे ज्यादा रोमांचित व
मन्त्रमुग्ध कर देने वाला एक प्रसंग उस वक़्त सामने आया जब भाजपा की वरिष्ठ नेत्री मायासिंह का सामना ज्योतिरादित्य से हुआ मायासिंह ने खुशी के साथ पुत्रवत मोह दर्शाते हुए ज्योतिरादित्य को गले लगा लिया। उल्लेखनीय है की मायासिंह को सिंधिया राज परिवार में मामी का दर्जा प्राप्त है और वे रिश्ते में राजमाता जी के भाई ध्यानेन्द्र सिंह की पत्नी है। राजमाता जी के समय से
ही मामी मायासिंह का निवास जयविलास के ही एक हिस्से में रहा है और वह सिंधिया राजपरिवार के तमाम उतार चढ़ाव से निकटता से जुड़ा रहा । यही वजह रही
ज्योतिरादित्य और मामी के बीच का यह मिलन आज भावुक कर देने वाला था।







