69वी राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन
ग्वालियर 07 जनवरी 2026/ ग्वालियर में आयोजित हुई 69वी राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार 7 जनवरी को भव्य समापन हुआ। बालिकाओं के 14 व 19 वर्ष आयु वर्ग में खेली गई इस प्रतियोगिता के दोनों खिताब झारखंड के नाम रहे। दोनों वर्गों के रोमांचक फायनल मुकाबलों में उत्कृष्ट हॉकी का प्रदर्शन कर झारखण्ड ने मध्यप्रदेश को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया
वीडियो देखने लिंक क्लिक करें
यहां कम्पू स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर के मैदान पर समापन सत्र में मुख्य अतिथि श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह अध्यक्ष जिला पंचायत ग्वालियर, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, कार्यकम के विशिष्ट अतिथि श्री डॉ. नितेश शर्मा प्रदेश अध्यक्ष भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ ,
सोजन सिंह रावत मु.का.अ.जि.पं. ग्वालियर, श्रीमती प्रियंका सतेन्द्र घुरैया उपाध्यक्ष जिला पंचायत ग्वालियर मंच प्रतियोगिता के आब्जर्बर डॉ. पदम सिंह कोनते मंच पर उपस्थित रहे।


चौदह वर्ष आयु वर्ग में झारखंड एवं मध्यप्रदेश की बालिकाओं के बीच खेले गए रोमांचक फायनल मुकाबले में मध्यप्रदेश की टीम को झारखंड की टीम ने एक के मुकाबले दो गोल से पराजित किया। इसी तरह 19 वर्ष आयु वर्ग में झारखंड की टीम ने मध्यप्रदेश पर 3 – 2 से फतह हासिल की। कम्पू खेल परिसर में आयोजित हुई 69वी राष्ट्रीय शालेय बालिका हॉकी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों की 27 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सामपन अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा मनोहरी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
प्रतियोगिता के फायनल मैच के बाद विजेता व उप विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मैडल प्रदान किए गए। साथ ही तकनीकी ऑफिशियल्स एवं कोच इत्यादि को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री हरिओम चतुर्वेदी, डीपीसी श्री रविन्द्र सिंह तोमर, शालेय जिला क्रीडा अधिकारी श्री आर के सिंह व श्री पंकज शर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
अंत में सहायक संचालक स्कूल शिक्षा श्रीमती पुष्पा ढोंडी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस बी ओझा एवं श्रीमती सुनीता पाठक द्वारा किया गया।